पटनाः तेज रफ्तार कार ने 6 लोगों को रौंद डाला, दो की हो गई मौत
पटना। बिहार की राजधानी पटना से सटे दानापुर में बुधवार सुबह एक अनियंत्रित कार ने रानी तालाब थाना क्षेत्र के पकरंदा चौक के पास रोड पर 6 लोगों को रौंद डाला। हादसा इतना भीषण था कि 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद भागने के दौरान कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई, जिसमें कार सवार 3 युवक घायल हो गए। उनकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।

हादसे से घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल हो गया। स्थानीय लोगों ने दर्घटना में घायल हुए लोगों को पास ही के अस्पताल में भर्ती करवाया। इसके बाद स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया। डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। 7 घायलों का इलाज चल रहा है। इधर, घटना की सूचना स्थानीय थाने की पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई।
रानी तालाब थाना के प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि सड़क के किनारे जिन लोगों को कार ने कुचला वह सभी मजदूर हैं और मजदूरी करने बिहटा जा रहे थे। इसी दौरान पटना से आ रही कार ने उन सभी को कुचल दिया। फिलहाल मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
घायलों में हसनपुरा निवासी 34 वर्षीय सनोज कुमार, भोजपुर निवासी 32 वर्षीय सुनील कुमार, 22 वर्षीय विमलेश कुमार तिलक पुरा, दिलबर कुमार (22 वर्ष) हसनपुरा, विश्वनाथ कुमार (30 वर्ष) हसनपुरा और बजरंगी (35 साल) हसनपुरा निवासी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि कार में सवार ऋषभ कुमार (20 वर्ष) राजवंशी नगर पटना, संस्कार कश्यप (19 वर्ष) गर्दनीबाग और सूरज कुमार (19 वर्ष) पटेल नगर के रहने वाले हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी की हालत गंभीर बनी हुई है और इन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के PMCH भेजा जा रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में अफरातफरी का माहौल बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications