समस्तीपुर में भीड़ देख नीतीश बोले आगाज़ अच्छा है
पटना (मुकुंद सिंह)। 'बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने शनिवार को समस्तीपुर से अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत की। नीतीश ने समस्तीपुर के कल्याणपुर में सभा को संबोधित करते हुए एनडीए और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सभा की भीड़ को देख कर लग रहा है कि हमारा आगाज अच्छा हो गया है, ऐसे में मुझे यकीन है कि हमारा अंजाम भी अच्छा होगा। नीतीश ने कहा कि हमारे देश के पीएम और उनके मंत्री लगातार बिहार में कैंप कर रहे हैं, लेकिन बिहार के लोग झांसे में आने वाले नहीं। [बिहार विधानसभा चुनाव विशेष]

देश समेत बिहार के लोग एक बार झांसे में आ गए हैं और अंजाम सबके सामने है। नीतीश ने कहा कि महागठबंधन किस कदर मजबूत है इसका अंदाजा सबको है। सीट शेयरिंग से लेकर प्रत्याशियों को लेकर हमारे बीच कोई तकरार नहीं हुआ, दूसरी ओर एनडीए में लगातार मुंह फुलाने का सिलसिला जारी है।
उन्होंने कहा कि पटना में स्वाभिमान रैली इसका प्रमाण है कि बिहार में जनता किसके साथ है। पैकैज पर निशाना साधते हुए नीतीश ने कहा कि लोगों के सामने पैकेज की घोषणा करने वाले पीएम ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा क्यों नहीं दिया। उन्होंने कहा कि पीएम के झूठे वादों की टेप को मैने लोगों को बिहार से दिल्ली तक सुना दिया है। बिहार की जनता सब जानती है कि पैकेज की सच्चाई क्या है।
बिहार के चुनावों में जनता हमें सेवा का इनाम देगी, और मौका मिला तो बिहार को नई उंचाई पर ले जाएंगे। नीतीश ने आरएसएस को बीजेपी का थिंक टैंक बताते हुए कहा कि हमारे विपक्षी हमें नीचा दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते। नीतीश ने चुनावी सभा में 2016 के अंत तक सभी गांवों में बिजली पहुंचाने की भी बात कही। चुनावी घोषणा के तौर पर नीतीश ने 25 साल के युवाओं को विशेष भत्ता देने की भी घोषणा की।












Click it and Unblock the Notifications