टूट गया नीतीश का पीएम बनने का सपना: भाजपा

बिहार भाजपा के प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता और विधायक विनोद नारायण झा ने कहा है कि एक्जिट पोल के परिणाम ने साफ कर दिया है कि जिस तीसरे मोर्चे की हवा-हवाई परिकल्पना कर नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री पद का ख्वाब देखा था वह धूल धूसरित हो गया है। नीतीश कमार पर हमला बोलते हुए झा ने कहा कि नीतीश कुमार का पीएम बनने का सपना टूट गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव में जदयू का सूपड़ा ही साफ है। एक्जिट पोल में जदयू के खाते में जितनी सीट दिखाई जा रही है, उसे तो उतना मिलना भी कठिन है।
झा ने नीतीश पर सख्स लहजे में कहा कि वह दिन दूर नहीं जब जदयू खंड-खंड में विभक्त हो जायेगा और इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव को जदयू का कुनबा संभालने में पसीने छूट जायेंगे। भाजपा नेता ने जेडीयू और नीतीश कुमार पर जनता को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने जिस दिन जनता से विश्वासघात किया और एनडीए से अलग हुए उनकी पूरी पार्टी उसी दिन अप्रासंगिक हो गयी।
वहीं बिहार भाजपा के कद्दावर नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा है लोकसभा चुनाव में प्रचार के दौरान विरोधियों पर कटाक्ष, तीखी आलोचना और टकराव का जो दौर था, वह अब बीत चुका है। 16 मई को चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद केंद्र में नई सरकार के साथ नई शुरुआत होने वाली है। उन्होंने कहा कि अब सबको मिलकर काम करने की जरुरत है।












Click it and Unblock the Notifications