शादी में बारातियों संग डीजे पर डांस करने पर पत्नी ने गंवाई जान, पति को तलाश रही पुलिस
Patna News, पटना। बिहार की राजधानी पटना में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां मायके में शादी समारोह के दौरान मुनिया देवी को डीजे की धुन पर बरातियों संग डांस करना महंगा पड़ गया। पत्नी के डांस करने से नाराज पति ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौका-ए-वारदात से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

क्या था मामला
मीडिया में छपी खबरों के अनुसार, धनरूआ थाना के खोरंगपुर गांव निवासी रणजीत मांझी उर्फ रामजीत मांझी की पत्नी मुनिया देवी 10 दिन पूर्व अपनी एक वर्षीया पुत्री व तीन वर्षीय पुत्र के साथ मायका हासांडीह आयी थी। उसी गांव के दारा मांझी की पुत्री की शादी में शामिल होने के लिए तीन दिनों पूर्व उसका पति रणजीत मांझी भी हासांडीह मुशहरी अपनी ससुराल पहुंचा था। सोमवार की रात दारा मांझी की पुत्री की शादी में शामिल होने मुनिया देवी पति व बच्चों के साथ पहुंची।

बारातियों पर डांस के दौरान पति को आया था गुस्सा
इस दौरान शादी की रश्म अदायगी चल रही थी। उधर दरवाजा लगने के वक्त डीजे की धुन पर बराती डांस कर रहे थे। बारातियों को डांस करते देख उत्साहित हो मुनिया देवी भी डीजे की धुन पर बारातियों संग डांस करने लगी। इधर मुनिया देवी का बारातियों संग डांस करना उसके पति को नागवार लगा और उसने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। रणजीत मांझी ने तैश में आकर अपनी पत्नी मुनिया देवी की पिटाई शुरू कर दी। मांझी ने गुस्से में आकर मुनिया का गला घोंट दिया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित पति रणजीत मांझी मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज
इस संबंध में मृतका मुनिया देवी की मां सह स्थानीय गांव निवासी दिवंगत फागु मांझी की पत्नी चिंता देवी के बयान पर आरोपित रणजीत मांझी के खिलाफ हत्या की नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। मालूम हो कि मृतका मुनिया देवी की रणजीत मांझी से दूसरी शादी हुई थी। मुनिया देवी के पहले पति की पूर्व में किसी बीमारी से मौत हो गयी थी।
ये भी पढ़ें:- पटना साहिब सीट पर क्या हैं जीत-हार के पुराने सियासी आंकड़े












Click it and Unblock the Notifications