एमएलसी मनोरमा देवी जदयू से सस्पेंड, होगी निष्पक्ष जांच
पटना। जदयू की एमएलसी महिला विधायक मनोरमा देवी के पुत्र रॉकी द्वारा एक युवक को कथित रुप से गोली मारने की घटना के बाद मंगलवार की शाम जदयू ने मनोरमा देवी को पार्टी से सस्पेंड कर दिया। यह जानकारी पत्रकारों को पार्टी नेता वशिष्ट नारायण ने दी।
उन्होंने कहा कि जैसा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वादा किया है, उसी आधार पर इस मामले की निष्पक्ष जांच की जायेगी। अगर एमएलसी का बेटा दोषी पाया गया तो उसे सजा जरूर होगी।

उधर इस मामले की गूंज लोक सभा में गूंजने लगी और कई सदस्यों ने राज्य के कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब होने का उल्लेख करते हुए राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग कर डाली। रॉकी की गिरफ्तारी हो गई है, लेकिन बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है।
लोकसभा में शून्यकाल के दौरान भाजपा के जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि बिहार में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो गई है। गया में सत्तारूढ़ गठबंधन के घटक जदयू की एक महिला विधायक के पुत्र ने सिर्फ सड़क पर रास्ता नहीं देने के कआरण एक छात्र को गोली मार दी। आज राज में अपराधियों का बोलबाला है।
पढ़ें- गैंगरेप के बाद जंगल में फेंका 10 साल की बच्ची को
उन्होंने कहा कि यह कोई अकेली घटना नहीं है, बल्कि राज्य में लूटपाट, अपराध हिंसा, अपहरण का बोलबाला हो गया है। राज्य में एक केंद्रीय टीम भेजी जाए और राष्ट्रपति शासन लगाया जाए।
राजद से निष्कासित नेता राजेश रंजन और पप्पू यादव ने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री के गृह जिला नालंदा में एक 8 वर्षीय बच्चे का अपहरण किया गया और फिर उसके लास पर से रंगदारी मांगी गई। वहीं सहरसा जिले में 4 दिन में हत्या के 4 बड़े मामले सामने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ महागठबंधन ने बिहार में माफिया, शराब के कारोबारियों और अपराधियों के रिश्तेदारों को पैसे लेकर टिकट देने का काम किया है। राज्य में अपराध का बोलबाला है। केंद्र सरकार को इसमे में हस्तक्षेप करना चाहिए।

भाजपा के अश्विनी चौबे ने कहा कि बिहार में लगातार अपराध के मामले बढ़ रहे हैं। गया में जदयू के महिला विधायक के पुत्र ने सरेआम एक छात्र को गोली मार दी जबकि कई क्षेत्रों में डकैती और अपहरण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस मामले में हस्तक्षेप करे और इस सरकार को बर्खास्त किया जाए।
वहीं केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री और लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान ने कहा कि यह बिहार में राष्ट्रपति शासन लगाने का सबसे उचित समय है हर दिन किसी न किसी जिले में हत्या हो रही है। और मुख्यमंत्री को लोगों की चिंता नहीं है जनता अपराधियों से परेशान है और वह केरल घूमने में व्यस्त हैं।












Click it and Unblock the Notifications