पटनाः फ्लैट में सिलेंडर ब्लास्ट होने से मां-बेटे की मौत, लाखों की संपत्ति जलकर खाक
दानापुर। बिहार की राजधानी पटना से सटे दानापुर के आरपीएस मोड पर स्थित एक अपार्टमेंट में आग लगने से मां-बेटे की मौत हो गई। फ्लैट के अंदर दो सिलेंडर ब्लास्ट हो गया, जिसके चलते घटना भयावह हो गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और फ्लैट के रूम का ताला तोड़ने की कोशिश की। लेकिन आग की लपटें तेज थीं, जिसके चलते ताला टूट नहीं पाया। इसके बाद लोगों ने घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलने के बाद दानापुर एम्स सहित आसपास के फायर ऑफिस की आधा दर्जन से अधिक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।

काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। वहीं आग में झुलसने के चलते मां और बेटे बुरी तरह से झुलस गए, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन दोनों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। सुशीला आनंद होम अपार्टमेंट में बबन शर्मा के घर में आग लगी थी। हादसे में बबन शर्मा की 35 वर्षीय बेटी प्रियंका और 12 वर्षीय नाती की मौत हो गई।
वहीं दानापुर के स्टेशन इंचार्ज ने बताया, "आज सुबह 6 बजे हमें आग लगने की सूचना मिली जिसके बाद हमने दमकल विभाग, पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी और एम्बुलेंस को हमने यहां भेजा। आग बुझाने का काम जारी है।" वहीं मृतक प्रियंका के पिता बबन शर्मा ने बताया कि फ्लैट में रह रही उनकी बेटी और नाती बुरी तरह झुलस गया। उन्हें नजदीक के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई है। सिलेंडर ब्लास्ट होने से आग की लपटें तेजी से बढ़ी है। घर में रखी गई लाखों की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई है । वहीं, दानापुर थाना प्रभारी अजीत कुमार साह ने बताया कि अगलगी की घटना कैसे हुई, फिलहाल इस मामले में अभी कोई बताने की स्थिति में नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications