बिहार में बिजली गिरने से 20 से अधिक लोगों की मौत, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
पटना। इस वक्त बिहार कई सारी समस्याओं से जूझ रहा है। एक तरफ कोरोना ने राज्य में आंतक फैला रखा है तो वहीं बारिश के चलते बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। इसके अलावा वज्रपात गिरने से लोगों की मौत का सिलसिला खमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को आकाशीय बिजली के चपेट में आने से अलग-अलग जिलों में 23 लोगों की मौत हो गई है। इन 23 लोगों में 9 लोग पटना के थे, समस्तीपुर में 8, पूर्वी चंपारण में 4, कटिहार में 2 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि आधिकारिक आंकड़ों में अभी 14 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है।

आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक पटना जिला में 5, मोतिहारी में 4, शिवहर में 2 और समस्तीपुर में 2 लोगों की मौत हुई है। बता दें कि इससे कुछ दिन पहले 11 लोगों की मौत हुई थी। इसके अलावा कुछ दिन पहले वज्रपात गिरने से करीब 110 लोगों की मौत हो गई थी। मौसम विभाग की तरफ से चेतावनी दी गई है कि मेघगर्जन के साथ हो रही बारिश के वक्त घर से बाहर ना निकलें। खेतो में काम करनेवाले किसानों के लिए खासतौर से चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने आज बिहार के मधुबनी, दरभंगा, गोपालगंज, शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों में बारिश के साथ वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। बता दें कि अभी मानसून का टर्फ बिहार में भागलपुर से होकर गुजर रहा है, इन इलाकों में भी भारी बारिश की आशंका है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कहा गया है कि पटना, गया, भागलपुर और पूर्णिया में भी आज दोपहर बाद बारिश होगी और साथ ही कई जगहों पर बिजली चमकने और वज्रपात के भी आसार हैं। बुधवार को भी पटना सहित कई जिलों में बूंदाबांदी हुई। वहीं, मंगलवार सुबह से बुधवार सुबह के बीच 10.6 मिमी बारिश दर्ज की गई लेकिन बुधवार को दिन भर धूप खिली, जिससे उमस से लोग परेशान रहे।












Click it and Unblock the Notifications