बिहार के ड्रीम प्रोजेक्ट- Bhagalpur Bridge Collapse पर डिप्टी सीएम तेजस्वी सख्त, कंपनी को भेजा नोटिस
भागलपुर पुल हादसे के बाद नीतीश कुमार की सरकार पर करप्शन के आरोप लग रहे हैं। अब बिहार सरकार ने शो कॉज नोटिस जारी किया है। तेजस्वी ने इसे ड्रीम प्रोजेक्ट बताया है।

Bhagalpur Bridge Collapse मामले में डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव बेहद सक्रियता से कार्रवाई कर रहे हैं। भागलपुर में रविवार की शाम अगुवानी-सुल्तानगंज पुल गिरने के बाद बिहार सरकार ने मंगलवार को निर्माण कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा, "निर्माण कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है, और परियोजना में शामिल ठेकेदारों और इंजीनियरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, जिन्हें पहले ही हटा दिया गया है। पुल का निर्माण समयबद्ध तरीके से किया जाएगा क्योंकि यह एक ड्रीम प्रोजेक्ट है।"
रिपोर्ट के अनुसार, इस पुल का निर्माण गंगा नदी पर भागलपुर और खगड़िया जिलों को जोड़ने के लिए किया गया था। इसकी लागत 1,770 करोड़ रुपये से अधिक है और डेड लाइन से चार साल लेट हो चुकी है। ब्रिज 2019 तक पूरा किया जाना था। फरवरी 2014 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आधारशिला रखी थी।
तेजस्वी ने कहा, "जब मैं विपक्ष में था, मैंने पुल के पियर नंबर 5 का मुद्दा उठाया था।" उस समय मंत्री ने IIT रुड़की को जांच सौंपी थी और बाद में IIT से रिपोर्ट के आधार पर घाट को गिराने का निर्णय लिया गया।
बिहार में पुल ढहने को लेकर राजनीति भी तेज होती दिख रही है। तेजस्वी के बड़े भाई तेज प्रताप यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर पुल को गिराने का आरोप लगाया। तेज प्रताप यादव ने कहा, "बीजेपी ने पुल को गिरा दिया है। हम पुल बना रहे हैं और वे इसे गिरा रहे हैं।"
दूसरी ओर, पटना हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर कर बिहार के भागलपुर में रविवार को अगुवानी-सुल्तानगंज पुल गिरने की स्वतंत्र जांच की मांग की गई है।
याचिकाकर्ता मणिभूषण प्रताप सेंगर ने अपनी रिट याचिका में पुल के निर्माण में शामिल एसपी सिंगला कंपनी के खिलाफ विभागीय जांच और कार्रवाई के बजाय स्वतंत्र जांच की मांग की थी।
जनहित याचिका में पुल के ढहने से सरकारी खजाने को हुए हजारों करोड़ के नुकसान की वसूली की भी मांग की गई है। पूरे मामले पर बिहार पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मंगलवार को कहा कि बिहार के भागलपुर में निर्माणाधीन पुल के गिरने की जांच जल्द पूरी की जाएगी। नया पुल बनाया जाएगा।
भागलपुर पुल हादसे के बाद समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, प्रत्यय अमृत ने कहा, "हम जल्द से जल्द जांच पूरी करने की कोशिश करेंगे। हमने एसपी सिंगला एंड कंपनी को कारण बताओ नोटिस दिया है कि क्यों न उन्हें ब्लैक लिस्ट किया जाए। उन्हें जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।"
कर्तव्य में गंभीर लापरवाही बरतने पर खगड़िया में पदस्थ बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता को निलंबित कर विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी गयी है।
Recommended Video
बिहार पुल निर्माण निगम के प्रबंध निदेशक को भी कारण बताओ नोटिस दिया गया है। पियर 5 को पूरी तरह से ध्वस्त करने के निर्देश में देरी का कारण पूछा गया है। सरकार का कहना है कि मानसून के बाद इस पर काम शुरू हो सके, इसकी कोशिश की जा रही है।"












Click it and Unblock the Notifications