राजस्थान की रहने वाली विवाहिता की हरियाणा में हत्या, पिता ने ससुरालियों पर किया केस
पलवल। हरियाणा के पलवल जिले में एक 26 वर्षीय विवाहिता की हत्या कर दी गई। इस संबंध में राजस्थान के जिला अलवर के नौगांव निवासी असरा द्वारा पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई है। असरा ने बताया कि, मेरी बेटी नाजीमा की शादी दस वर्ष पूर्व पलवल के गांव रजपुरा निवासी अनीस के साथ हुई थी। दहेज में कार व लाखों रुपये की नकदी की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालजनों द्वारा मेरी को मार दिया गया है।

जांच अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि, मृतका के पिता की तहरीर पर ससुराल पक्ष के चार नामजद लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। यह मामला एक 26 वर्षीय विवाहिता की हत्या का है। सदर थाना पुलिस इस घटना की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
जिस युवती की हत्या हुई, उसके पिता ने पुलिस के समक्ष दी शिकायत में कहा कि, मैंने अपनी हैसियत के मुताबिक बेटी के निकाह में खूब दहेज दिया था। लेकिन नाजीमा के ससुराल पक्ष के लोग उस दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और अकसर दहेज के लिए प्रताडि़त करते रहत थे।

नाजीमा को ससुरालियों द्वारा मारा-पीटा जाता था। वे लोग एक कार व 3 लाख रुपये नकदी मंगा रहे थे। चार अगस्त को नाजीमा ने अपने मायके फोन कर बताया कि ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। अगले दिन पांच अगस्त को नाजीमा के मायके पक्ष के लोग उसकी ससुराल गांव रजपुरा पहुंचे, तो देखा कि नाजीमा मृत पड़ी हुई थी और उसकी ससुराल पक्ष के लोग फरार थे। शिकायत में बताया गया कि नाजीमा की हत्या उसके पति, ससुर सरफुद्दीन, सास बस्सी व देवर अकरम ने की है।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि, मामले में शिकायत के आधार पर नामजद लोगो के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और शव का पलवल के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications