पाकिस्तान में परंपरा के नाम पर दी जा रही मौत, क्यों बढ़े 'ऑनर किलिंग' के मामले? 3 दिन में 8 लोगों की हत्या
Pakistan honour killing: पाकिस्तान के सिंध प्रांत में पिछले कुछ दिनों में 'ऑनर किलिंग' के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। पाकिस्तान के सिंध के चार जिलों में पिछले तीन दिनों में पांच महिलाओं समेत आठ लोगों की हत्या कर दी गई है। कहा जा रहा है कि सिंध प्रांत में इन दिनों प्रचलित परंपरा ''करो-करी'' के कारण 'ऑनर किलिंग' के मामले बढ़े हैं।
जियो न्यूज के मुताबिक घोटकी जिले के रहने वाले भोरल चाचर नामक एक आरोपी ने गांव में अपनी बहू रजिया और उसके कथित प्रेमी माजिद चाचर की गोली मारकर इसी ''करो-करी'' परंपरा की वजह से हत्या कर दी है। इसका ज्यादातर शिकार महिलाएं हो रही है। महिलाओं की हत्या उनके पति या फिर परिवार के किसी सदस्य द्वारा की जा रही है।

एआरवाई न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक हत्या के हथियार के साथ पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने वाले शूटर ने अपराध कबूल करते हुए कहा कि उसने अपनी बहू को एक अज्ञात व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में गोली मारी, उसने दोनों को मौके पर ही गोली मार दी।
जियो न्यूज के मुताबिक लरकाना के बुंगुल डेरो में एक अन्य घटना में एक व्यक्ति ने लरकाना में एक युवक रियाज ब्रोही की गोली मारकर हत्या कर दी और बाद में भागने से पहले उसकी पत्नी समीना ब्रोही की भी हत्या कर दी। पुलिस ने शवों को अस्पताल पहुंचाया और बताया कि मृतक रियाज ब्रोही हाल ही में दुबई से लौटा था और आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
इसके अलावा, कंबर-शाहदादकोट जिले के कुब्बो सईदखान के पास ताज मुहम्मद चंदियो गांव में सुल्तान चंदियो नामक व्यक्ति ने अपनी भाभी रुखसाना चंदियो और उसके कथित प्रेमी बखत जंवारी को गोली मार दी और भाग गया।
क्या है पाकिस्तान की ''करो-करी'' परंपरा?
पाकिस्तान की ''करो-करी'' परंपरा की वजह से हर साल सैकड़ों महिलाओं की हत्या की जा रही है। इन मामलों में ज्यातातर केस एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के होते हैं। इसी वजह से इसपर कोई सवाल भी खड़े नहीं करता है। पाकिस्तान में अधिकार समूहों और सख्त कानूनों होने के बाद भी ऐसी हत्याएं अक्सर विवाहित पुरुषों के साथ संबंध रखने वाली महिलाओं की जाती है या फिर महिला शील पर धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों के उल्लंघन जैसे कथित अपराधों के लिए की जाती हैं।
सामाजिक रूप से रूढ़िवादी देश के शहरी इलाकों में भी ऐसी हिंसक घटनाएं अब आम हो गई हैं। पाकिस्तान के मानवाधिकार आयोग (HRCP) के मुताबिक 2024 में ऑनर किलिंग एक गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है, जिसमें सिंध और पंजाब में बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल 2024 में जनवरी से नवंबर के बीच पाकिस्तान में 346 लोगों की मौत ऑनर किलिंग की वजह से हुई थी। जिसमें ज्यादातर महिलाएं शामिल थीं।












Click it and Unblock the Notifications