पाकिस्तान की मशहूर मुजरा डांसर किस्मत बेग पर ताबड़तोड़ बरसाई गई गोलियां, मौत
किस्मत बेग को गोली मारने के बाद हमलावरों ने उनका मोबाइल फोन और गले में मौजूद सोने की चेन निकाल लिया।
लाहौर। पाकिस्तान के लाहौर में स्टेज एक्ट्रेस किस्मत बेग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हमले में उनका बॉडीगार्ड भी जख्मी हुआ है। किस्मत बेग पर हमला उस वक्त हुआ जब वो अपनी कार में लाहौर के हरबंसपुरा से गुजर रही थीं। किस्मत बेग को गोली मारने के बाद हमलावरों ने उनका मोबाइल फोन और गले में मौजूद सोने की चेन निकाल लिया। आपको बता दें कि मुजरा की दुनिया में किस्मत बेग का नाम काफी बड़ा था।

पाकिस्तानी चैनल जियो न्यूज के मुताबिक किस्मत बेग के ड्राइवर का कहना है कि तीन हमलावर कार के करीब आए और सबसे पहले रॉड से कार के शीशे तोड़े और फिर किस्मत बेग पर गोलियों की बरसात कर दी। किस्मत बेग को 8 गोलियां लगीं। उन्हें फौरन अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई। किस्मत बेग के ड्राइवर ने बताया कि हमलावर 9 एमएम पिस्टल से लैस थे।
लूट दिखाने की कोशिश
हमलावर गोली मारने के बाद किस्मत बेग का मोबाइल फोन और गले से सोने का चेन भी निकालकर ले गए। किस्मत बेग की मां ने इसे लूट मानने से साफ इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा है कि बीती रात भी कुछ लोग उनकी बेटी का पीछा कर रहे थे। इससे पहले भी किस्मत बेग पर दो बार हमले हुए थे, तब वे बच गई थीं। किस्मत बेग की मां ने कहा है कि सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हुई है उसकी जांच हो।

कुछ महीने पहले हुई थी कंदील बलोच की हत्या
पाकिस्तान में कलाकारों पर हमले की घटनाओँ में लगातार इजाफा हो रहा है। इससे पहले पाकिस्तानी मॉडल और टीवी एक्ट्रेस कंदील बलोच की हत्या कर दी गई थी। कंदील बलोच की हत्या का इल्जाम उनके ही भाइयों पर लगा था।
पुलिस ने कंदील की हत्या को ऑनर किलिंग का मामला बताया था। उससे पहले पाकिस्तानी कव्वाल अमजद साबरी को कराची में गोली मारी गई थी जबकि पकिस्तानी अभिनेता और टेलीविजन प्रेजेंटर नदीम जाफरी को उनके घर के बाहर लूट के दौरान गोली मारकर घायल कर दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications