Pakistan Earthquake: पाकिस्तान में भूकंप ने मचाई तबाही, 11 लोगों की मौत, 100 से ज्यादा घायल
Earthquake 2023: पाकिस्तान, भारत और अफगानिस्ता में महसूस किए गए भूकंप के झटकों का केंद्र अफगान शहर जुर्म से 40 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व में था। भूकंप की तीव्रता 6.8 थी।

Pakistan Earthquake Casualties 2023: पाकिस्तान के मौसम विभाग (पीएमडी) के मुताबिक पाकिस्तान में आए भूकंप में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।पाकिस्तान के उत्तर पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात घाटी क्षेत्र में कम से कम 11 लोग मारे गए और लगभग 150 घायल हैं। पीएमडी ने बताया कि पाकिस्तान में आए मंगलवार की रात भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदू कुश क्षेत्र था। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.8 थी।
खैबर पख्तूनख्वा प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की एक रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान में भूकंप के दौरान छत, दीवार और घर गिरने की घटनाओं से 11 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग घायल हो गए। वहीं प्रांत में आठ घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
पाकिस्तान के स्वात जिला पुलिस अधिकारी शफीउल्लाह गंडापुर ने हालांकि कहा कि जिले में कई लोगों की मौत हुई है। जबकि 150 लोग घायल हो गए है। उन्हें इलाज के लिए सैदू टीचिंग अस्पताल ले जाया गया।
रेडियो पाकिस्तान के पीएमडी डीजी महर साहिबजाद खान के मुताबिक, भूकंप के झटके इस्लामाबाद, पेशावर, लाहौर, रावलपिंडी, क्वेटा, कोहाट, लक्की मरवत, डेरा इस्माइल खान, दक्षिण वजीरिस्तान और देश के अन्य इलाकों में महसूस किए गए।
पाकिस्तान की आपातकालीन सेवाओं के एक प्रवक्ता बिलाल फैजी ने कहा कि पाकिस्तान के अलग-अलग हिस्सों में छतों के गिरने से नौ लोगों की मौत हो गई। भूकंप में दर्जनों अन्य घायल हो गए है। फैजी ने कहा कि ज्यादातर घायलों को बाद में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। भूकंप के कारण कुछ पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन हुआ, जिससे यातायात बाधित हुआ।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भूकंप आने के बाद राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट रहने को कहा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि प्रमुख सरकारी अस्पताल इस्लामाबाद में हाई अलर्ट पर रहेंगे। स्वास्थ्य मंत्री अब्दुल कादिर पटेल के निर्देश पर अस्पतालों को अलर्ट जारी किया गया था।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक भूकंप की भारत की राजधानी नई दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड समेत भारत के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र अफगान शहर जुर्म से 40 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व में था।












Click it and Unblock the Notifications