पाकिस्तान: डेनियल पर्ल के हत्यारे को रिहा करने के आदेश, Kandahar Hijack में भारत ने था छोड़ा
इस्लामाबाद। Daniel Pearl Murder Case: पाकिस्तान की एक कोर्ट ने गुरुवार को पाकिस्तान की जेल में बंद आतंकी उमर सईद शेख को रिहा करने के आदेश दिए हैं। उमर सईद शेख उन भारत द्वारा रिहा किए गए उन तीन आतंकियों में है जिसे 1999 में कंधार में भारतीय विमान में अपहृत यात्रियो के बदले में जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के साथ छोड़ा गया था।
Recommended Video

उमर सईद को 2002 में पाकिस्तान में अमेरिकी पत्रकार डेनियल पर्ल की हत्या के मामले में सजा सुनाई गई थी। पाकिस्तान की सिंध हाई कोर्ट ने अमेरिकी पत्रकार हत्याकांड में उमर सईद शेख की भूमिका को खारिज कर दिया है। हाईकोर्ट ने शेख के साथ ही पर्ल हत्याकांड में जेल में बंद फहद नसीम, शेख आदिल और सलमान साकिब को भी रिहा करने के आदेश दिए हैं।
अप्रैल में कोर्ट ने किया था बरी
शेख समेत इन चारों आरोपियों ने अप्रैल 2020 में 18 साल की सजा के बाद हाईकोर्ट में अपील की थी। जिस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने शेख आदिल, नसीम और साकिब को हत्याकांड में भूमिका से बरी कर दिया था जबकि उमर सईद शेख की मौत की सजा को बदलकर 7 साल कर दिया था। उस समय तक ये सभी 18 साल सजा काट चुके थे इसलिए इस 7 साल को इसी में गिना गया। इसके साथ ही उस पर 20 लाख पाकिस्तानी रुपये जुर्माना भी लगाया गया था। उस समय इनकी रिहाई के कोर्ट के फैसले की काफी आलोचना हुई थी।
केंद्र सरकार ने आदेश जारी कर बढ़ाई थी हिरासत
कोर्ट से आदेश के बाद पाकिस्तान सरकार ने एक आदेश जारी कर इन उमर शेख समेत इन चारों को 90 दिन की हिरासत में रखने का आदेश जारी किया। ये अवधि पूरी होने पर पाकिस्तान की केंद्रीय सरकार ने 90 दिन हिरासत में रखने का एक और आदेश जारी कर दिया जिसके बाद ये मामला फिर से कोर्ट में पहुंचा था।
कोर्ट ने चारों को तत्काल रिहा करने का आदेश देते हुए कहा कि इन लोगों ने बिना किसी अपराध के जेल में 18 साल बिताए हैं। रिहाई के आदेश देते हुए कोर्ट ने कहा है कि इन चारों के नाम नो फ्लाई लिस्ट में रखे जाने चाहिए जिससे ये देश से बाहर न जा सकें।
कोर्ट के फैसले पर अब पाकिस्तान सरकार का क्या रुख होगा इसका पता नहीं चल सका है। हालांकि पहले पाकिस्तान सरकार ने इनकी रिहाई का विरोध किया था।
2002 में हुई थी डेनियल पर्ल की हत्या
38 वर्षीय डेनियल पर्ल 2002 में वाल स्ट्रीट जर्नल के दक्षिण एशिया ब्यूरो चीफ थे और उस दौरान पाकिस्तान में आतंकियों के एक नेटवर्क के खुलासे पर स्टोरी कर रहे थे इसी दौरान उनका अपहरण कर लिया गया था। बाद में अपहरणकर्ताओं ने सिर कलम कर उनकी हत्या कर दी थी।












Click it and Unblock the Notifications