घोड़ों की रेस के लिए हाईवे पर रोक दी गई गाड़ियां, वीडियो वायरल होने पर मुकदमा दर्ज
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में दादरी कोतवाली क्षेत्र के एनएच-91 हाईवे पर घोड़ों से रेस लगाई गई। हाईवे पर सरेआम स्टंट किए गए। इस दौरान ट्रैफिक को भी रोक दिया गया, लेकिन पुलिस को इस बात की भनक तक नहीं लगी। पुलिस तब हरकत में आई जब हाईवे पर घोड़ों की रेस वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, जल्द इन लोगों की गिरफ्तारी की बात कह रही है।
Recommended Video

सट्टा लगाकर हुई हाईवे पर घोड़ों की रेस
ग्रेटर नोएडा दादरी कोतवाली क्षेत्र के एनएच-91 हाईवे पर सट्टा लगाकर खुलेआम दिनदहाड़े घोड़ों की रेस होते हुए का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। घोड़ों की रेस के दौरान एनएच-91 रोड पर चलने वाले दूसरे वाहन चालकों को जहां परेशानी का सामना करना पड़ा तो वहीं घोड़ों की रेस के दौरान को एक बड़ा हादसा भी हो सकता था, क्योंकि जिस तरीके से घोड़ों की रेस कराई गई उसके बाद घोड़ों के पीछे सैकड़ों मोटरसाइकिल वाहन चालक अपने वाहनों को दोहराते हुए नजर आए।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने बाद पुलिस के आला अधिकारी हरकत में आए और आरोपी घोड़े चालकों के खिलाफ फिलहाल मुकदमा दर्ज कर लिया है। ग्रेटर नोएडा एडिशनल डीसीपी विशाल पांडेय ने बताया कि दादरी बाईपास पर लोगों द्वारा घोड़ों की रेस की सूचना मिली। इसमें शामिल लोगों के खिलाफ धारा 188, 269, 270, महामारी और पशु क्रुरता अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। दो घोड़ों के मालिकों की पहचान कर ली गई है। सभी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications