ग्रेटर नोएडा: सोसायटी की 12वीं मंजिल से नीचे गिरकर एक साल के मासूम की मौत, बर्थडे पार्टी की चल रही थी तैयारी
नोएडा, 24 अगस्त: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक साल का मासूम खेलते समय अपार्टमेंट की 12वीं मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

पहले जन्मदिन की पार्टी की चल रही थी तैयारियां
पूरा मामला ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र के कासा ग्रीन वन हाउसिंग सोसायटी का है। सोसायटी की 12वीं मंजिल पर प्रापर्टी डीलर सतेंद्र कसाना अपने परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार को उनके बेटे रिवान का पहला जन्मदिन था। दोपहर में सभी लोग रिवान के जन्मदिन की तैयारी में जुटे थे। इस दौरान फ्लैट का दरवाजा खुला था। सब अपने अपने काम में व्यक्त थे, इतने में रिवान खेलते खेलते फ्लैट से बाहर आ गया। वह सीढ़ियों पर लगी ग्रिल के बीच बनी जगह में कुछ देर तक फंसा और फिर नीचे आ गिरा। रिवान सीधा बेसमेंट में जाकर गिरा।
चंद मिनटों में गम में तब्दील हुईं खुशियां
नीचे गिरते ही मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। बच्चे की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। जन्मदिन के मौके पर घर पर मेहमान भी आए थे। सभी लोग पार्टी की तैयारी में जुटे थे, लेकिन ये खुशी चंद मिनटों में ही गम में तब्दील हो गई। जन्मदिन के दिन ही हादसे में मासूम बच्चे की मौत हो गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसीपी सेट्रल नोएडा योगेंद्र सिंह के मुताबिक, मासूम की मौत के बाद परिजन उसका शव लेकर गाजियाबाद चले गए। पुलिस ने सोसायटी में पहुंच कर लोगों के बयान दर्ज किए हैं। पूछताछ में पता चला है कि 12वीं मंजिल से गिरकर मासूम की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि हर बिंदु की बारीकी से जांच की जा रही है। परिजनों ने मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं दी है।












Click it and Unblock the Notifications