Noida: बच्चों ने नहीं सुना मैडम का फरमान तो हुआ पारा हाई, काट दिए 12वीं के छात्रों के बाल
दिल्ली से सटे नोएडा में एक हैरान कर देने वाला अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां के एक नामी स्कूल में गुस्साई शिक्षिका ने 10-12 बच्चों के बाल काट दिए। वहीं जब इसकी सूचना बच्चों के परिजनों को मिली तो उन्होंने स्कूल पहुँच कर हंगामा काट डाला। जिसके बाद ममला पुलिस तक पहुंचा और स्कूल प्रबंधन ने शिक्षिका को टर्मिनेट कर दिया। उधर सोशल मीडिया पर यह मामला चर्चाओं का विषय बन गया है।
सभी छात्र 12वीं क्लास के हैं
बता दें कि पूरा मामला नोएडा के थाना एक्सप्रेसवे अंतर्गत सेक्टर-168 स्थित शांति इंटरनेशनल स्कूल का है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कुछ समय पहले 12वीं कक्षा के छात्रों (लड़कों) को शिक्षिका सुषमा ने बाल कटवाने की हिदायत दी थी, लेकिन छात्रों ने शिक्षिका की बात को अनसुना कर दिया। इस पर शिक्षिका का पारा इतना बढ़ गया कि उसने बीती 5 जून को 12 छात्रों के बाल काट डाले।

छात्रों के परिवार वालों के उड़े होश
वहीं छात्र जब अपने घर पहुंचे तो परिवार वालों के होश उड़ गए। उन्होंने बच्चों से जानकारी ली तो पूरी कहानी सामने आ गई। इस पर सभी अभिभावक थाना एक्सप्रेसवे पहुंचे और पुलिस को लिखित में इस घटना की शिकायत दी। साथ ही अगले दिन यानी 6 जून को सभी अभिभावक स्कूल भी पहुंचे और वहां उन्होंने जाकर हंगामा कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने शिक्षिका सुषमा को टर्मिनेट कर दिया है।

दोनों पक्षों में हुआ समझौता
उधर नोएडा के एडीसीपी शक्ति अवस्थी ने जानकारी देते हुए बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। एडीसीपी ने बताया कि घटना 5 जुलाई की है। अब छात्रों के परिवार वालों ने विरोध और हंगामा किया है। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। स्कूल प्रबंधन ने शिक्षिका पर कार्रवाई कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications