Noida : सिक्योरिटी गार्ड्स की गुंडई का एक और VIDEO, कार पर स्टीकर को लेकर रेजिडेंट को पीटा
नोएडा, 28 अक्टूबर: नोएडा में सिक्योरिटी गार्ड्स की गुंडई का एक और मामला सामने आया है। सेक्टर 45 आम्रपाली सफायर सोसाइटी में सिक्योरिटी गार्ड्स ने एक रेजिडेंट की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी। इस कुछ कई लोग वहां मौजूद रहे, लेकिन गार्ड्स के सामने आने की किसी ने हिम्मत नहीं की। घटना का वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में संज्ञान लिया है और कार्रवाई की बात कही है।

कार पर स्टिकर को लेकर गार्ड्स ने रेजिडेंट को पीटा
जानकारी के मुताबिक, युवक आम्रपाली सफायर सोसायटी में किराए पर रहता है। युवक की कार पर पार्किंग का स्टिकर नहीं था। गेट पर गार्ड्स ने युवक को कार के साथ अंदर जाने से रोक लिया। इस पर युवक जबरन अंदर जाने की कोशिश करने लगा। इस बात पर वहां मौजूद गार्ड्स इतना भड़क गए कि उन्होंने युवक को पीटना शुरू कर दिया। सबसे पहले एक गार्ड ने युवक के साथ आए कार के बाहर खड़े युवक को लाठी जड़ दी। इसके बाद कार में ड्राइविंग सीट पर बैठे युवक को लाठी से मारा, लेकिन युवक ने लाठी पकड़ ली।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ सिक्योरिटी गार्ड्स की दबंगई का वीडियो
देखते ही देखते कई गॉर्ड वहां आ गए और युवक को पकड़कर लाठी-डंडों से पीटने लगे। इस दौरान वहां कई अन्य लोग भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने गार्ड्स को रोकने की कोशिश नहीं की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस मामले में एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि कल देर रात हमें सूचना मिली कि आम्रपाली नीलम सोसायटी में गॉर्ड ने दो युवकों के साथ मारपीट की। हमने वीडियो देखा है। जिन लोगों के साथ मारपीट की गई उनसे पूछताछ की गई। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब तक हमें शिकायत नहीं मिली है।

ब्लूवर्ल्ड सोसायटी में भी गार्ड्स ने रेजिडेंट को पीटा था
बता दें, नोएडा में हाईराइज सोसायटी में सिक्योरिटी गार्ड्स की गुंडई कोई नई बात नहीं है। बीते दिनों भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था। नोएडा के सेक्टर-100 ब्लूवर्ल्ड सोसायटी में गार्ड्स ने रेजिडेंट की जमकर पिटाई कर दी। लाठी-डंडे की पिटाई से रेजिडेंट के सिर में गंभीर चोट आई थी।












Click it and Unblock the Notifications