कार से 500 मीटर तक घसीटे जाने के बाद हुई डिलीवरी ब्वॉय की मौत, Noida में भी हुआ कंझावला जैसा कांड
Noida News: नोएडा के सेक्टर 14A फ्लाईओवर पर कार चालक ने स्वीगी के डिलीवरी बॉय कौशल को टक्कर मार दी। फिर शनि मंदिर तक करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

Noida News: देश की राजधानी दिल्ली में हुए कंझावला कांड का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि नोएडा में भी इसी प्रकार का एक मामला सामने आया है। इस केस में भी एक अज्ञात कार चालक ने स्वीगी के फूड डिलीवरी बॉय की बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद उसे 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गया था। इस दर्दनाक हादसे में डिलीवरी बॉय की मौत हो गई। इस मामले में मृतक के परिजनों ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ FIR दर्ज कराई है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्वीगी के फूड डिलीवरी बॉय का नाम कौशल है और वो नए साल की रात फूड डिलीवरी करने निकला था। कौशल के परिजनों ने पुलिस को जो तहरीर दी है उसके मुताबिक, कौशल 1 जनवरी की रात को जब नोएडा सेक्टर 14A के फ्लाईओवर के पास पहुंचा तो एक कार चाल ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी थी। यह घटना रात 1 बजे के आसपास की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना के बाद कार चालक डिलीवरी बॉय कौशल को शनि मंदिर तक घसीटते हुए ले गया था।
इस घटना के चश्मदीदों का कहना है कि दुर्घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर कार चालक ने शनि मंदिर के पास अपनी कार रोकी और कौशल की बॉडी को कार से हटाकर मौका-ए-वारदात से फरार हो गया। इस संबंध में एडीसीपी आशुतोष द्विवेदी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मृतक के चचेरे भाई अमित 1 जनवरी की रात करीब एक बजे अपने भाई कौशल को फोन किया। जिसपर राहगीरों ने फोन रिसीव करते हुए हादसे की जानकारी दी। जिसके बाद अमित कुमार शनि मंदिर पहुंचे, जहां कौशल का शव पड़ा हुआ था।
मौके पर पुलिस भी मौजूद थी और कौशल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, परिजनों ने की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बता दें, जहां टक्कर हुई, वो एरिया नोएडा का है और महज चंद कदमों की दूरी पर दिल्ली का बार्डर है। जिस स्थान पर शव को घसीटने के बाद छोड़ा गया, वह शनि मंदिर के पास है। वहां नोएडा प्राधिकरण की गौशाला और शनि मंदिर के बाहर लगे सीसीटीवी हैं। पुलिस का कहना है कि कार चालक की तलाश की जा रही है, जल्द ही आरोपी कार चालक को पकड़ लिया जाएगा।
Recommended Video
ग्रेटर नोएडा में भी 3 छात्राओं को मारी थी टक्कर
31 दिसंबर की रात नशे में धुत सेंट्रो कार सवार युवकों ने बाजार से सामान लेकर घर जा रही तीन छात्राओं को भी टक्कर मार दी थी। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गए थे। इस घटना में बिहार की रहने वाली छात्रा स्वाति सिंह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्वाति ब्रेन हेमरेज होने के कारण कोमा में चली गई है।












Click it and Unblock the Notifications