डिलीवरी बॉय पर लिफ्ट में पालतू कुत्ते ने किया हमला, गाजियाबाद के बाद नोएडा से सामने आया CCTV फुटेज
डिलीवरी बॉय पर लिफ्ट में पालतू कुत्ते ने किया हमला, गाजियाबाद के बाद नोएडा से सामने आया CCTV फुटेज
नोएडा, 07 सितंबर: गाजियाबाद की चार्म्स कैसल सोसाइटी की लिफ्ट के अंदर पालतू कुत्ते द्वारा 9 साल के बच्चे को काटने का एक हैरान और बेचैन कर देने वाला वीडियो सामने आया था। इस दौरान कुत्ते के मालकिन का असंवेदनशीलता का वीडियो सामने आय़ा था। तो वहीं, अब नोएडा की अपैक्स सोसायटी से भी ऐसा ही एक और सीटीवी फुटेज सामने आई है। जिसमें एक युवक लिफ्ट से निकल ही रहा होता है, तभी कुत्ता उस पर हमला कर देता है।

15 से 20 दिन पुराना है वीडियो
गाजियाबाद की घटना के बाद अब नोएडा का यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। हालांकि, सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है वो 15 से 20 दिन पुराना बताया जा है। लेकिन इस मामले में कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई। कुत्ते के मालिक ने डिलीवरी ब्वॉय से बातचीत कर मामले को सुलझा लिया और उसे इलाज के लिए पैसे भी दे दिए। बता दें कि सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है वो नोएडा के थाना सेक्टर 113 क्षेत्र के सेक्टर 75 स्थित अपैक्स सोसायटी का बताया जा रहा है।

दवाइयां देने सोसाइटी में आया था डिलीवरी बॉय
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपैक्स सोसायटी के पास के ही मेडिकल स्टोर का एक डिलीवरी बॉय, सोसाइटी के एक टावर में दवाइयां देने गया था। दवाइयां देकर जैसे ही वो लिफ्ट से वापस नीचे उतर रहा था तो एक शख्स कुत्ते के साथ लिफ्ट में पहले से मौजूद था। इस दौरान कुत्ते का मालिक जैसे ही कुत्ते को लेकर लिफ्ट से बाहर निकलने लगा तो कुत्ते ने डिलीवरी बॉय के ऊपर हमला कर दिया। इस दौरान डिलीवरी बॉय लिफ्ट में गिर पड़ा।

बातचीत के बाद सुलझ गया था मामला
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लोगों का कहना था कि पालतू कुत्ते ने डिलिवरी बॉय को काट लिया। इसके बाद पीड़ित डिलिवरी बॉय ने जमकर हंगामा कर दिया, लेकिन उसी समय कुत्ते के मालिक ने डिलीवरी ब्वॉय से बातचीत कर मामले को सुलझा लिया। इस दौरान कुत्ते के मालिक ने उसे इलाज के लिए पैसे भी दिए। हालांकि, सोसायटी के लोगों ने डॉग ओनर का नाम और पता बताने से मना कर दिया। वहीं पुलिस का कहना है कि उन्हें इस तरह की किसी भी घटना की जानकारी नहीं है। ना ही किसी तरह की शिकायत या तहरीर दी गई है।

दर्द से कराहता रहा मासूम, चुपचाप खड़ी रही महिला
यह मामला गाजियाबाद जिले के राजनगर एक्सटेंशन की चार्म्स कैसल सोसाइटी का है। सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है वो सोमवार 05 सितंबर की शाम 06 बजे का बताया जा रहा है। खबर के मुताबिक, 09 साल का बच्चा ट्यूशन पढ़कर वापस सोसाइटी की लिफ्ट से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान लिफ्ट में एक महिला अपने पालतू कुत्ते के साथ घुसती है। लिफ्ट के सीसीटीवी में दिख रहा है कि कुत्ता बच्चे को कमर के पास काट लेता है। जिसके बाद बच्चा दर्द से कराहने लगता है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि महिला ने बच्चे से उसका हालचाल तक नहीं पूछा और चुपचाप लिफ्ट से निकल कर अपनी मंजिल चलती बनी।

गाजियाबाद नगर निगम ने लगाया जुर्माना
गाजियाबाद नगर निगम ने राजनगर एक्सटेंशन की चार्म्स कैसल सोसाइटी में रहने वाली कुत्ते की मालकिन पूनम चंदोक पर पांच हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। निगम की जांच में पता चला है कि इस कुत्ते का पंजीकरण नहीं था। बताया जा रहा है कि जुर्माना राशि जमा नहीं करने पर कुत्ता जब्त करने की चेतावनी भी नगर निगम द्वारा दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications