'तुम्हारी बीवी से तो बेहतर हूं...' कहने वाली महिला का नया VIDEO, बताया- लिफ्ट में क्या-क्या हुआ था?
Noida lift dog: दिल्ली से सटे यूपी के नोएडा में शुक्रवार को एक सोसाइटी में लिफ्ट के अंदर कुत्ता ले जाने के मामले पर जमकर हंगामा हुआ। दरअसल इस महिला ने अपने कुत्ते को मास्क नहीं पहनाया हुआ था। (वीडियो खबर के अंत में)
लिफ्ट के अंदर जा रहे एक पति-पत्नी ने महिला से कहा कि वो अपने कुत्ते को मास्क पहना ले, लेकिन महिला ने मना कर दिया। इसके बाद दोनों तरफ से बहसबाजी शुरू हो गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

सोशल मीडिया पर जो वीडिया वायरल हुआ, उसमें नजर आ रहा था कि लिफ्ट में एक महिला अपने कुत्ते के साथ जा रही थी कि तभी एक पति-पत्नी लिफ्ट में आते हैं और बोलते हैं कि आप अपने कुत्ते को मास्क पहना लीजिए। इसपर महिला मना कर देती है, फिर देखते ही देखते बहस बढ़ जाती है। इसके बाद लिफ्ट में मौजूद शख्स कहता है कि ये कैसी लेडी है, इसपर महिला जवाब देती है कि तुम्हारी बीवी से तो बेहतर ही हूं। यहां तक की कहानी इस वायरल वीडियो में सबने देखी और सुनी।
'वो असल सच नहीं, जो वायरल वीडियो में दिख रहा'
अब इस कुत्ते वाली महिला ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो जारी किया है और बताया है कि आखिर लिफ्ट के अंदर क्या-क्या हुआ था। महिला ने अपने नए वीडियो में बताया, 'सच जानना बहुत जरूरी होता है और जो सच वायरल वीडियो में दिखाया जा रहा है, वो असल सच नहीं है। वो बीच की एक क्लिप है, उसके आगे भी है और उसके पीछे भी है।'
महिला ने बताया, 'हमारी सोसाइटी में डॉग्स को लेकर एक नियम है और वो नियम है कि अगर कोई कुत्ते का मालिक अपने कुत्ते के साथ लिफ्ट में पहले से है तो कोई दूसरा उस लिफ्ट में नहीं जाएगा। और, अगर कोई दूसरा शख्स पहले से लिफ्ट में है, तो फिर कुत्ते को लेकर कोई उस लिफ्ट में नहीं जाएगा। मैं इस नियम का अक्षरश: पालन करती हूं। मेरा नाम ऋचा श्रीनेत है और मेरे पास दो फीमेड डॉग हैं, जिन्हें मैं शाम को बारी-बारी से घुमाती हूं।'
'या तो आप बाहर निकलिए, या फिर इस कुत्ते को...'
ऋचा श्रीनेत ने अपने वीडियो में आगे बताया, 'कल भी मैं अपनी एक फीमेल डॉग कालिंदी को घुमाकर वापस आ रही थी और मेरे सामने से 2-3 लिफ्ट जा चुकी थी। इसके बाद जब लिफ्ट आई और मैंने एंट्री की, तो पीछे से ये अभिषेक और इनकी पत्नी आए। मैंने इनसे कहा कि आप आ जाइए, ये डॉग आपको कुछ नहीं करेगी। इसपर उन्होंने कहा कि या तो आप बाहर निकलिए, या फिर इसे मजल (कुत्तों के मुंह पर लगने वाली जाली) पहनाइए। मैंने फिर से उन्हें कहा कि आप आ जाइए, ये कुछ नहीं करेगी।'
आगे की कहानी बताते हुए ऋचा श्रीनेत ने वीडियो में कहा, 'इसपर वो दोनों पति-पत्नी मेरे ऊपर चीखे और कहा कि 50 रुपए का कुत्ता लेकर आप लिफ्ट के अंदर हैं। जब उनकी वाइफ ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया, तो मैं असहज हो गई। उन्होंने मुझे जाहिल, गंवार और भी कई गालियां दीं। उन्होंने मुझे ऐसे-ऐसे शब्द कहे कि मैं यहां वो सब शेयर भी नहीं कर सकती। क्या ये ठीक है कि सभ्य कहलाने वाले ये लोग एक महिला को ऐसी गाली दें। क्या बच्चे सिर्फ वही हैं, जो हमारे या आपके है, ये जीव क्या किसी के बच्चे नहीं हैं। क्या पुश-पक्षियों को दो टके का, 50 रुपए का कहना ठीक है। इतना ट्रोल होने के बाद क्या मैं इन जीवों को प्यार करना छोड़ देना चाहिए।'
देखिए वीडियो:-
आपको बता दें कि इससे पहले ऋचा श्रीनेत नाम की इस महिला ने एक और वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें सोसाइटी का गार्ड बता रहा था कि उसके सामने क्या क्या हुआ था। गार्ड ने बताया कि शख्स ने महिला को जाहिल, गंवार कहा था।












Click it and Unblock the Notifications