नोएडा के डीएम कराएंगे Pradeep Mehra की मां का इलाज, बोले-'मैं भी हो गया हूं प्रदीप का फैन...'
नोएडा, 23 मार्च: उत्तराखंड के रहने वाले 19 साल के प्रदीप मेहरा लाखों लोगों के प्रेरणास्त्रोत बन गए हैं। प्रदीप के जुनून, मेहनत और लगन को देखकर देश ही नहीं बल्कि विदेश में भी लोग उनके फैन हो गए हैं। मंगलवार को प्रदीप की मुलाकात गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहस एलवाई से हुई। इस मुलाकात में डीएम सुहास एलवाई भी प्रदीप के फैन हो गए। उन्होंने कहा, ''प्रदीप मेहरा हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत बने हैं, मैं भी प्रदीप का फैन हो गया हूं। मैंने उनसे बात की है और उन्हें आश्वासन दिया है कि उनकी मां के स्वास्थ्य के इलाज के लिए उन्हें मदद मुहैया कराई जाएगी। हमने उसके इलाज के लिए बात की है।''

दो साल से दिल्ली के अस्पताल में चल रहा मां का इलाज
उत्तराखंड के रहने वाले प्रदीप मेहरा की मां का इलाज पिछले 2 साल से दिल्ली के एक अस्पताल में चल रहा है। घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने की वजह से प्रदीप नोएडा के सेक्टर-16 स्थित मैकडॉनल्ड्स में काम करते हैं। प्रदीप मेहरा आर्मी में भर्ती होना चाहते हैं। इसके लिए वे लगातार प्रैक्टिस कर रहे हैं।

आर्मी में भर्ती के लिए ड्यूटी खत्म करके रोज 10 Km दौड़ते हैं प्रदीप
प्रदीप मेहरा का बीते दिनों आधी रात में दौड़ते हुए एक वीडियो वायरल हुआ। इस वीडियो में प्रदीप ने बताया कि वह आर्मी में भर्ती होना चाहते हैं, लेकिन दौड़ के लिए सुबह-सुबह उन्हें समय नहीं मिल पाता है। लिहाजा ड्यूटी पूरी होने के बाद वह रोजाना रात में 10 किलोमीटर की दौड़ लगाते हैं। प्रदीप मेहरा का यह वीडियो फिल्म निर्माता विनोद कापड़ी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।

नोएडा के डीएम ने की प्रदीप से मुलाकात
नोएडा के डीएम सुहास एलवाई ने मंगलवार को प्रदीप से मुलाकात की। डीएम ने उनकी आर्थिक स्थिति और भविष्य को लेकर बातचीत की। डीएम ने आगे की पढ़ाई और करियर काउंसलिंग करवाने की बात कही है। डीएम ने प्रदीप से उनकी मां के इलाज की रिपोर्ट मांगी है, जिससे जिले में उनका इलाज कराया जा सके। नोएडा के डीएम से मुलाकात के बाद प्रदीप ने कहा, ''मैं आज नोएडा के डीएम से मिला, उन्होंने कहा कि वह मेरी मां के इलाज में मेरी मदद करेंगे, साथ ही सेना में भर्ती होने के लिए बेहतर ट्रेनिंग दिलवाने में भी मदद करेंगे। प्रदीप ने कहा कि वह अभी मैकडॉनल्ड्स के लिए काम करना जारी रखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications