दोस्तों के साथ घूमने गए युवक का दुर्घटनाग्रस्त कार के बाहर मिला शव, परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप
रात को 12 बजे सचिन का फोन आया। उसमें उसने कहा था कि मैं अपने दोस्तों के साथ हूं। इसके बाद रात को 2:37 पर उसके मोबाइल से किसी का फोन आया कि सचिन का जेपी अमन सोसायटी सेक्टर 152 में एक्सीडेंट हो गया है।

उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक दुर्घटनाग्रस्त कार के बाहर एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिवार वालों का आरोप है कि सचिन देर रात अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था। उसकी हत्या कर मामले को एक्सीडेंट का रूप देने की कोशिश की गई है। जबकि पुलिस का कहना है कि पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान घायल अवस्था में सचिन क्षतिग्रस्त गाड़ी में मिला था। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांचकर रही है।

Recommended Video

उमेश पाल हत्याकांड में घायल दूसरे सिपाही की भी मौत, पीजीआई में चल रहा था इलाज
दुर्घटनाग्रस्त कार के पास मिला युवक का शव
बता दें कि थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के सेक्टर 152 स्थित जेपी अमन सोसायटी के पास एक दुर्घटनाग्रस्त कार के पास एक युवक का शव मिला। जांच के बाद पता लगा कि यह दुर्घटनाग्रस्त कार सेक्टर 149 स्थित कुंडली बांगर के रहने वाले 25 वर्षीय सचिन की है। परिवार वालों के अनुसार सचिन 28 तारीख की शाम को अपने घर से दोस्तों के साथ घूमने गया था।
उसने कहा था कि मैं अपने दोस्तों के साथ हूं - मृतक की पत्नी
वहीं सचिन की पत्नी का कहना है कि रात को 12 बजे सचिन का फोन आया। उसमें उसने कहा था कि मैं अपने दोस्तों के साथ हूं। इसके बाद रात को 2:37 पर उसके मोबाइल से किसी का फोन आया कि सचिन का जेपी अमन सोसायटी सेक्टर 152 में एक्सीडेंट हो गया है। परिवार वाले जब मौके पर पहुंचे सचिन मृत अवस्था में मिला। सचिन के बड़े भाई गौतम का कहना है कि मौके की स्थिति को देखकर ऐसा लग रहा था कि किसी ने उसका मर्डर करने के बाद एक्सीडेंट दिखाने की कोशिश की है। गौतम ने तहरीर देकर पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि उनकी रिपोर्ट दर्ज कर उनके भाई के मर्डर का खुलासा किया जाए।

पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही
इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कि आज सुबह 3 बजे के करीब थाना नॉलेज पार्क के पुलिसकर्मियों की पेट्रोलिंग टीम को जेपी अमन सोसायटी के पीछे बीच सड़क पर एक दुर्घटनाग्रस्त कार दिखाई दी। जिसमें युवक गंभीर अवस्था में उन्हें मिला। बाद में उसकी पहचान सचिन के रूप में हुई। जिसके बाद पुलिस ने सचिन को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना नॉलेज पार्क पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया। पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications