नोएडा: पत्नी की कोरोना से मौत की खबर सुनते ही पति ने भी तोड़ा दम
नोएडा, मई 13: ग्रेटर नोएडा के कई गांवों में इस समय लोगों की मौतों से हाहाकार मचा हुआ है। हालांकि, ये साफ नहीं हो पा रहा है कि आखिर इन मौतों की वजह क्या है। जब तक मरीज की समझ में आता है कि उसको बीमारी क्या हुई है, तब तक उसकी मौत हो चुकी होती है। इस बीच दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। दादरी के पल्ला गांव में पत्नी की मौत के बाद पति ने भी दम तोड़ दिया। एक साथ दोनों की अर्थियां उठीं और श्मशाम में अंतिम संस्कार किया गया।

पति पत्नी का अस्पताल में चल रहा था इलाज
दरअसल, पल्ला गांव के रहने वाले 75 वर्षीय गजराज भगत और उनकी पत्नी रामेश्वरी की रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिजनों ने रामेश्वरी देवी को ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया। जांच में उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। पति गजराज के पास खबर पहुंची तो उन्हें भी सांस लेने में दिक्कत होने लगी। परिजनों ने गजराज को भी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। दोनों पति-पत्नी अस्पताल में कोरोना का इलाज करा रहे थे। इस दौरान रामेश्वरी देवी मौत हो गई। जैसे ही यह खबर अस्पताल में भर्ती गजराज भगत को मिली, उन्हें दिल का दौरा पड़ गया और उनका भी दम निकल गया।
दोनों का एक साथ किया दाह संस्कार
परिवार के लोगों ने गमगीन माहौल में मंगलवार की शाम को श्मशान घाट में एक साथ दोनों के शवों का दाह संस्कार किया है। बता दें कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा के तमाम ग्रामीण इलाकों में कोरोना का कहर जारी है। अब तक सैकड़ों मौतें हो चुकी है। जिले के तमाम बड़े अधिकारी इन ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। बता दें, इससे पहले ग्रेटर नोएडा वेस्ट के जलालपुर गांव में रहने वाले अवतार सिंह के दो बेटों की एक ही दिन में कोरोना से मौत हो गई। अवतार सिंह के बेटे पंकज की मंलगवार को पहले मौत हुई। वह परिजनों के साथ पंकज का अंतिम संस्कार करने गए थे। श्मशान घाट से जब वह घर लौटे तो देखा कि दूसरे बेटे दीपक ने भी दम तोड़ दिया। अपने दोनों बेटों की मौत से मां बेसुध हो गई। महज 24 घंटे के अंदर बुजुर्ग मां-बाप को अपने दोनों बेटों का अंतिम संस्कार करना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications