नोएडा: HCL के कर्मचारी में कोरोना वायरस की पुष्टि, विदेश यात्रा से लौट खुद को किया आइसोलेट
नोएडा। एचसीएल टेक्नोलॉजी के ऑफिस में काम करने वाले एक कर्मचारी में भी कोरोना वायरस (COVID-19) के संक्रमण की पुष्टि हुई है। उसने विदेश यात्रा के बाद खुद को आइसोलेट कर लिया है। एचसीएल टेक्नोलॉजीज की ओर से गुरुवार को यह जानकारी दी गई है। कंपनी का कहना है कि हमारा ऑफिस सरकार और सभी स्वास्थ्य सलाहकारों के नियमों का पालन कर रहा है।

पूरी दुनिया इस वक्त कोरोना वायरस (COVID-19) से जंग लड़ रही है। दुनियाभर में वायरस के कारण 8,961 से भी ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। वहीं संक्रमित लोगों की संख्या 219,087 का आंकड़ा पार कर चुकी है। भारत की बात करें तो यहां भी संक्रमित मामलों की संख्या 166 हो गई है, जबकि इस महामारी से 3 लोग मौत के शिकार भी हुए हैं, फिलहाल केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्य सरकारें भी वायरस के खात्मे के लिए अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रही हैं।उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी गुरुवार को दो और मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इनमें से एक मरीज लखनऊ का तो दूसरा सीतापुर का रहने वाला है। ये दोनों टर्की और ब्रिटेन से आए थे। दोनों को ही लखनऊ के केजीएमयू में बुधवार को भर्ती कराया गया था।
नोएडा में धारा 144 लागू
नोएडा में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए धारा 144 लागू की गई है। प्रशासन ने यह फैसला नोएडा में बुधवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए जाने के बाद लिया है। सेक्टर 41 का रहने वाला पीड़ित व्यक्ति हाल ही में इंडोनेशिया से लौटा था। कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद युवक को आइसोलेशन वार्ड में एडमिट करा दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications