8 साल तक दोनों बीवियों को पता ही नहीं चला कि उनका पति एक है, क्या हुआ जब एक शादी में पहुंचे तीनों
Noida News, नोएडा। शादीशुदा होने की बात छुपाकर एक बिल्डर ने दो-दो शादी कर ली। यही नहीं दोनों बीवियों को शक न हो इसलिए उन्हें अलग-अलग मकान लेकर दिये और उनसे मिलने के दिन भी फिक्स कर दिये। एक पत्नी के पास वह सप्ताह में तीन दिन और दूसरी के पास चार दिन रहता था। उसकी दो शादियों की बात का राज उस वक्त खुला जब एक शादी समारोह में दोनों बीवियां एक दूसरे से मिली। पति की इस करतूत का पता चलने पर दोनों ही बीवियों ने उस पर केस दर्ज कराया है।

थाना सेक्टर- 49 पुलिस के मुताबिक सेक्टर- 76 में रहने वाली एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि करीब 8 साल पहले उससे राहुल चमोला नाम के व्यक्ति ने प्रेम विवाह किया था। राहुल चमोला उर्फ राघव शर्मा ने उस वक्त उसे तलाकशुदा बताया था। शादी के बाद उनके बच्चे भी हुए। महिला का यह भी आरोप है कि शादी के बाद राहुल ने उससे काम करने के लिए 15 लाख रूपये मांगे जो उसने दे दिये। इसके बाद उसने 25 लाख रूपये के अपने गहने बेचकर राहुल को पैसे दिये। महिला का कहना है कि राहुल ने उससे उसका गाजियाबाद वाला मकान भी बिकवा दिया।
बताया गया कि राहुल उर्फ राघव की पहली पत्नी चंडीगढ़ की रहने वाली है। दिल्ली के एक क्रिकेटर की शादी में जब दूसरी पत्नी ने राहुल को एक महिला से बात करते देखा तब पता चला कि वह उसकी पहली पत्नी है। पहली पत्नी सेक्टर 39 में रहती है। आरोप है कि राहुल ने अपनी पहली पत्नी से भी कारोबार के नाम पर 87 लाख रूपये हड़पे हैं। दोनों महिलाओं ने जब एक दूसरे से इस संबंध में बात की तो पूरा राज खुल गया। जिसके बाद पहली पत्नी ने कोर्ट के जरिए अपना केस दर्ज कराया, अब दूसरी पत्नी ने भी केस दर्ज कराया है। थाना प्रभारी अजय कुमार अग्रवाल के मुताबिक केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications