नोएडा: आग लगने के बाद कार अंदर से हो गया लॉक, इंजीनियर की जलकर दर्दनाक मौत
Noida News,(नोएडा)। यूपी के ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में मंगलवार की सुबह एक भयावह हादसा देखने को मिला। यहां एक कार में लगी आग में झुलस जाने की वजह से एक शख्स की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि कार में सवार इंजीनियर रात की डयूटी करके वापस घर लौट रहा था।

जानकारी के अनुसार सुबह सूचना मिली कि डीपीएस सोसायटी के पास एक गाड़ी में आग लगी है। सूचना मिलने पर पुलिस वहां पहुंची और कार में लगी आग पर काबू पाया। कार के अंदर ड्राइविंग सीट पर एक व्यक्ति का शव पड़ा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने कार के नंबर से मालिक की डिटेल्स निकाली तो पता चला कि कार में सवार पवन नाम का व्यक्ति था जो कि मूलतः हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है। वर्तमान में वह थाना कासना के कैसिया स्टेट सोसाइटी में रह रहा था।

पुलिस के मुताबिक पवन नोएडा की ब्रिज ग्लोबल कंपनी में काम करता था। पवन नाइट शिफ्ट में डयूटी पर था। सुबह करीब 5:30 बजे वह ड्यूटी से वापस लौट रहा था। सुबह अपनी सोसाइटी से लगभग आधा किलोमीटर पहले इसकी फोर्ड आइकन गाड़ी में आग लग गई। माना जा रहा है कि गाड़ी में आग लगने के बाद उसकी गाड़ी लॉक हो गई और वह बाहर नहीं निकल सका। जिस कारण उसकी कार के अंदर ही जलकर मौत हो गई। मौके पर फायर बिग्रेड के अलावा एफएसएल टीम भी बुलाई गई। सीओ निशांक शर्मा के मुताबिक पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications