नोएडा: अपहरण के बाद भाजपा कार्यकर्ता की हत्या, सड़क पर फेंकी लाश
Noida news, नोएडा। ग्रेटर नोएडा दादरी कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर और बीजेपी कार्यकर्ता का बीती रात अज्ञात बदमाशों ने घर से ही अपहरण कर लिया। अपहरण के बाद बदमाशों ने बीजेपी कार्यकर्ता की घर से एक किलोमीटर दूर ही हत्या कर दी और शव को फेंक कर चले गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

कार में जबरन उठा ले गए
मृतक का नाम धर्मेंद्र उर्फ धर्मी बताया गया है। जानकारी के मुताबिक देर रात धर्मेन्द्र उर्फ़ धर्मी अपने घर पर था उसी समय किसी का फोन आया। बताया जा रहा है कि फोन पर धर्मेंद्र की कहासुनी हुई उसके बाद दो गाड़ियों में सवार होकर एक दर्जन से ज्यादा अज्ञात लोग उसके घर पहुंचे और वहां कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान कार सवार बदमाश जबरन धर्मेंद्र को अपने साथ उठाकर ले गए और घर से लगभग एक किलोमीटर दूर धर्मेंद्र उर्फ धर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी।

लाश सड़क पर फेंककर फरार
हत्या के बाद बदमाशों ने धर्मेंद्र का शव दादरी कोतवाली क्षेत्र के ही रूपबास गांव की सड़क पर फेंक दिया और फरार हो गए। धर्मेंद्र को जबरन उठाकर ले जाने की सूचना परिजनों ने दादरी कोतवाली पुलिस को दी लेकिन जब तक पुलिस कार्रवाई करती उससे पहले ही बदमाशों ने उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने किया केस दर्ज
बाद में परिजनों ने पांच को नामजद और 10 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है। सीओ दादरी अवनीश कुमार का कहना है कि पुलिस तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई कर रही है। जल्द ही हत्या करने वालों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
ये भी पढ़ें-अयोध्या: अफसरों के सामने ही गुस्साए किसान ने लेखपाल को जड़ दिया थप्पड़












Click it and Unblock the Notifications