नोएडा: 8 लाख की उगाही मामले में SHO और तीन पत्रकार गिरफ्तार, एक इंस्पेक्टर फरार
Noida News, नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 20 स्थित एक कॉल सेंटर से उगाही मामले में नोएडा एसएसपी ने एक न्यूज़ चैनल के तीन पत्रकार सहित थाने के एसएचओ को गिरफ्तार किया है। वहीं, इसी मामले में एक इंस्पेक्टर फरार हो गया। इन सभी पर आरोप है कि इन्होंने एक कॉल सेंटर से 8 लाख रुपये की उगाही की।

नोएडा एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि स्पेशल ऑपरेशन के बाद शिकायत के आधार पर पुलिस टीम ने पहले जांच पड़ताल की और जब इस संबंध में पुख्ता सूचना मिली तब यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी एसएचओ सेक्टर 20 मनोज पंत कथित तीन पत्रकारों सुशील पंडित, उदित गोयल और रमन ठाकुर के साथ एक कॉल सेंटर के मालिक से 8 लाख रूपये की वसूली कर रहे थे। इन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर इनके पास से रिश्वत के रूप में दिये गए 8 लाख रूपये बरामद कर लिए गए हैं।

एसएसपी के मुताबिक ये लोग एक कॉल सेंटर के मालिक से उनके खिलाफ नवंबर 2018 में एक केस में की एफआईआर से नाम हटाने के नाम पर पैसे वसूल रहे थे। पुलिस ने इस मामले में आरोपी एक कथित पत्रकार की कार भी जब्त की है। पुलिस का मानना है कि यह कार कुछ आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो सकती है। जबकि एक अन्य कथित पत्रकार से एक पिस्टल .32 बोर भी बरामद किया गया है। इस मामले में एसएसपी ने एसएचओ जयवीर सिंह को निलंबित कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications