दिल्ली में दहशत: घंटी बजी और दरवाजा खोलते ही फेंक दिया महिला पर तेजाब

डॉक्टरों का कहना है कि तेजाबी हमले में पीडि़ता का चेहरा बच गया है। पीडि़त ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने ही उसके उपर तेजाब से हमला करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और छानबीन कर रही है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक 26 वर्षीय पीड़िता परिवार के साथ शकरपुर इलाके में रहती है। पीड़िता की शादी हो चुकी है और पति से विवाद के चलते वह अपने मायके में ही रह रही थी।
शनिवार की रात किसी ने दरवाजे की घंटी बजाई। जैसे ही पीड़िता ने दरवाजा खोला, अज्ञात शख्स ने उसपर तेजाब फेंक दिया। हमले के दौरान पीड़िता का चेहरा बच गया। पीडि़ता चिल्लाई तो आसपास के लोग एकत्र हो गये और पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में युवती को अस्पताल ले गई जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। पूछताछ के दौरान पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी फरीदाबाद निवासी एक युवक के साथ वर्ष 2013 में हुई थी। शादी के कुछ दिनों के बाद से ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। तब से वह अपने मायके में ही रह रही थी।












Click it and Unblock the Notifications