दिल्ली में भ्रष्टाचार कम होने के शाजिया के दावे को ट्रांसपैरेंसी इंटरनेशनल इंडिया ने नकारा

उल्लेखनीय है कि पार्टी की वरिष्ठ नेता शाजिया इल्मी के हवाले से एक अंग्रेजी अखबार में खबर छपी थी कि दिल्ली में 49 दिनों तक चली केजरीवाल सरकार की वजह से भ्रष्टाचार में काफी गिरावट आई है। शाजिया ने इसके लिये ट्रांसपैरेंसी इंटरनेशनल के आंकड़ों का हवाला दिया था। ट्रांसपैरेंसी इंटरनेशनल संस्था के कार्यकारी निदेशक आशुतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि हमने दिल्ली में भ्रष्टाचार से संबंधित कोई सर्वेक्षण नहीं कराया है। उन्होंने एक पत्र जारी कर कहा है कि शाजिया इल्मी ने जो आंकड़े पेश किए हैं, वह पूरी तरह गलत हैं।
आशुतोष ने मीडिया से भी अपील की है कि इस संबंध में कुछ भी प्रकाशित करने से पहले वे ट्रांसपैरेंसी इंटरनेशनल से पुष्टि जरूर करें। गौर हो कि आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी सीआईआई के भाषण में इस रिपोर्ट पर काफी जोर दिया था। सोमवार को सीआईआई में अरविंद केजरीवाल ने दावा किया था कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उठाए गए उनके कदमों की वजह से दिल्ली में करप्शन कम हुआ है। कांग्रेस के प्रदेश प्रमुख अरविंदर सिंह लवली ने कहा है कि अरविंद केजरीवाल द्वारा पिछले दिनों दिया गया इस्तीफा उनकी अपनी कमियों को छिपाने का एक प्रयास है। वह जन लोकपाल के मुद्दे को लोकसभा चुनाव के एक राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications