कुछ भी बोल देते हैं केजरीवाल, दम हैं तो करें साबित या फिर छोड़ें राजनीति: सतीश उपाध्याय
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की तरफ से लगाए गये आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सतीश कुमार उपाध्याय ने पलटवार करते हुए करारा जवाब दिया है। सतीश उपाध्याय ने कहा है कि अरविंद केजरीवाल ने जो आरोप उनपर लगाए हैं, वह निराधार हैं। बुधवार की शाम प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से सतीश उपाध्याय ने कहा कि केजरीवाल झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने केजरीवाल को सबूत पेश करने की चुनौती देते हुए कहा कि वह 24 घंटे में आरोप साबित करें या राजनीति छोड़ दें।

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के मुझपर अनर्गल आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि क्या व्यवसाय करना गुनाह है? उपाध्याय ने कहा कि जिन कंपनियों के नाम केजरीवाल ने लिए है उस नाम की कोई कंपनी मैंने नहीं बनाई। उन्होंने कहा कि दोनों कंपनियों के बारे में केजरीवाल सबूत दें या फिर राजनीति से संन्यास ले लें। उन्होंने कहा कि हम केजरीवाल के खिलाफ आपराधिक केस करेंगे। इससे पहले, केजरीवाल ने दिल्ली में बिजली सप्लाई करने वालीं कंपनियों और बीजेपी के नेताओं के बीच कारोबारी रिश्ते व सांठगांठ के आरोप लगाए।
केजरीवाल ने कहा था कि सतीश उपाध्याय और उनकी पत्नी की हिस्सेदारी वाली एक कंपनी बिजली कंपनी बीएसईएस के लिए मीटर लगाने और बदलने का काम करती है। केजरीवाल ने कहा था कि दिल्ली के लोग लगातार मीटरों में गड़बड़ी की शिकायत करते रहे हैं। उनकी शिकायत है कि ये मीटर तेज चलते हैं और अनाप-शनाप बिल आ रहे हैं। यह चौंकाने वाली बात है कि ये मीटर उपाध्याय की कंपनियों ने लगाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications