इंटरव्यू में बोले सतीश उपाध्याय: दिल्ली चुनाव में कांग्रेस का पत्ता गोल
नई दिल्ली। दिल्ली चुनाव की तिथियों की घोषणा के साथ हम आपको ले चल रहे हैं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय के पास। क्योंकि उन्हें लगता है कि देश में सात महीने बाद भी 'मोदी लहर' है और इसका फायदा उसे दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी मिलेगा। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सतीश उपाध्याय को यकीन है कि दिल्ली में पार्टी 15 वर्ष बाद सत्ता में आएगी। पिछली बार भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम से उपजी आम आदमी पार्टी (आप) ने उसे सत्ता के मुहाने पर रोक दिया था।

उपाध्याय ने एक साक्षात्कार के दौरान कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने पिछले छह महीनों के कार्यकाल में देश में एक सकारात्मक माहौल बनाया है। दिल्ली में मोदी ही पार्टी के स्टार प्रचारक रहेंगे। उपाध्याय ने दावा किया कि पिछले छह महीनों में देश का कायापलट हुआ है। उन्होंने जो नीतियां लागू की हैं, उनसे सकारात्मक माहौल बना है। उन्होंने कहा कि मोदी जी का किया काम निश्चित तौर पर दिल्ली में हमारे काम आएगा और मुझे यकीन है कि हम दिल्ली में चुनाव जीतेंगे और सरकार बनाएंगे।
अमित जी के नेतृत्व में दिलचस्प होगा चुनाव
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह दिल्ली में प्रचार तंत्र पर करीब से नजर रखे हुए हैं। उपाध्याय ने बताया कि हम अमित जी की निगरानी और नेतृत्व में चुनाव लड़ने जा रहे हैं। वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और उनका मार्गदर्शन हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। दिल्ली में चुनाव दिलचस्प होगा, क्योंकि लगभग आधा दर्जन सीटों पर भाजपा और आप के बीच सीधा मुकाबला होगा। लगातार 15 साल सत्ता में रही कांग्रेस फिर इस चुनाव में मुकाबले से बाहर नजर आ रही है।
उपाध्याय का कहना है कि इन सीटों पर पार्टी आक्रामक तरीके से प्रचार करेगी। उपाध्याय ने कहा कि हम अपने प्रचार में इन सीटों पर पिछली बार की कमियों पर विश्लेषण कर रहे हैं, ताकि फिर से वही गलतियां न होने पाए। हमारा प्रचार आक्रामक होगा। उन्होंने कहा कि इन सीटों पर पार्टी अपने पिछले उम्मीदवारों को बनाए रख सकती है। उपाध्याय ने बताया कि जो लोग बहुत कम अंतर से हारे थे, टिकट बंटवारे में निश्चित तौर पर उन्हें पहली प्राथमिकता दी जाएगी।
एमएस धीर के आने से बढ़ा आत्मविश्वास
चुनाव से पहले आप और कांग्रेस नेताओं के भाजपा में शामिल होने का जिक्र करते हुए उपाध्याय ने कहा कि एमएस धीर, अशोक चौहान और अश्विनी उपाध्याय जैसे नेताओं ने पार्टी का आत्मविश्वास बढ़ाया है। अन्य पार्टियों के नेता भी भाजपा के संपर्क में हैं। उन्होंने बताया कि अन्य पार्टियों (आप, कांग्रेस) के कुछ और नेता हमारे संपर्क में हैं। योग्य पाए जाने पर उन्हें मैदान में उतारा जाएगा। उपाध्याय ने दिल्ली में भाजपा की मुख्य प्रतिद्वंदी आम आदमी पार्टी के प्रचार को खारिज करते हुए कहा कि आप के पास कुछ नया नहीं है। उन्होंने अपने 49 दिनों में बड़ी बातें करने और आरोप लगाने के अलावा कुछ नहीं किया। वे दिल्ली के लोगों के सामने बेनकाब हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications