दिल्ली में पहले से ज्यादा व्यवस्थित दिखा चुनाव आयोग

दिल्ली के उत्तरी जिले में विधानसभा चुनाव प्रभार संभाल रहे निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर आईएएनएस को बताया, "आज (बुधवार) हमारी पूरी टीम पूरी निष्ठा के साथ अपने कार्य में लगी हुई है। हमें चुनाव के दौरान आने वाली हर तरह की स्थितियों एवं शिकायतों से निबटने का प्रशिक्षण दिया गया है।"
दिल्ली के नौ जिलों, उत्तरी, उत्तर पश्चिम, पूर्वोत्तर, दक्षिण, दक्षिण पश्चिम, पूर्व, मध्य, पश्चिम और नई दिल्ली में नियुक्त सभी 18 निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि उन पर कार्यभार बहुत अधिक है, लेकिन इससे किसी तरह की परेशानी नहीं है। इन अधिकारियों को मतदान के दौरान होने वाली परेशानियों से निबटने के लिए चार दिनों का प्रशिक्षण दिया गया।
एक अधिकारी ने बताया, "निर्वाचन आयोग की तरफ से मतदान के दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश मिले हैं।" मतदान प्रणाली में सुधार और समरूपता लाने के लिए इस वर्ष मतदान अधिकारी निर्वाचन आयोग के अधिकारियों को मतदान की ताजा जानकारी देने के लिए एसएमएस आधारित प्रणाली का उपयोग कर रहे हैं। अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है।
पश्चिम जिले में तैनात एक अधिकारी ने हालांकि कहा कि एसएमएस प्रणाली स्वागतयोग्य है, किंतु इसमें कुछ कमियां भी हैं। अधिकारी ने बताया, "मुझे लगता है कि नियंत्रण कक्ष पर तैनात वरिष्ठ अधिकारियों को युवा अधिकारियों की अपेक्षा इस नई प्रणाली की अधिक जानकारी नहीं है। इसलिए निर्वाचन आयोग को नियंत्रण कक्ष पर अधिक से अधिक युवा अधिकारियों को नियुक्त करना चाहिए था।" जिला निर्वाचन अधिकारी दिन भर मोबाइल पर एसएमएस के जरिए मिल रहे आकड़ों से जूझते नजर आए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications