विधानसभा चुनाव में गड़बड़ी की गुंजाइश ही नहीं क्योंकि पूरी तरह तैयार है दिल्ली पुलिस
नई दिल्ली। सात फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव निष्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए 60,000 से अधिक पुलिसकर्मी व अर्धसैनिक बल तैनात किए जाएंगे। दिल्ली में 70 विधानसभा क्षेत्रों के 11,763 मतदान केंद्रों की आंतरिक सुरक्षा का जिम्मा केंद्रीय रिजर्व पुलिसबल, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) सहित अर्धसैनिकबलों के कंधों पर होगा। मतदान केंद्रों पर होमगार्ड भी तैनात किए जाएंगे।

इस साल संवेदनशील मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 695 हो गई है, जिनमें से 173 अति संवेदनशील हैं। वर्ष 2013 में संवेदनशील मतदान केंद्रों की संख्या 677 थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को अपने इलाकों में निगरानी बढ़ाने के लिए कहा गया है। दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में अभी से सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
अधिकारी ने कहा, "मतदान वाले दिन शहर की सड़कों व मतदान केंद्रों पर 60,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी होंगे। मतदान वाले दिन तड़के से ही पुलिसकर्मी तैनात होंगे। चुनाव संपन्न होने तक कड़ी सुरक्षा रहेगी।" मतगणना 10 फरवरी को होगी। अधिकारी ने कहा कि हालात पर निर्वाचन आयोग की बराबर नजर रहेगी और मतदान शांतिपूर्ण व सही तरीके से हो, यह सुनिश्चित करने के लिए समुचित उपाय किए जाएंगे। सुरक्षाबल, स्ट्रांग रूम की भी सुरक्षा करेंगे, जहां इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) रखी जाएंगी। इसके अलावा मतगणना केंद्रों की भी सुरक्षा की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications