दिल्ली सरकार ने पेश किया 48,000 करोड़ रुपए का बजट, 20 हजार लीटर पानी मिलेगा मुफ्त
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने बजट पेश करते हुए कहा कि सरकार ने वित्त वर्ष 2017-18 के लिए 48,000 करोड़ रुपए का अनुमान रखा है।
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने बुधवार को अपना बजट पेश कर दिया है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने बजट पेश करते हुए कहा कि सरकार ने वित्त वर्ष 2017-18 के लिए 48,000 करोड़ रुपए का अनुमान रखा है। वहीं सरकार को उम्मीद है कि इस दौरान उसे 38,700 करोड़ रुपए टैक्स से मिलेंगे।

दिल्ली सरकार ने बजट में मुफ्त पानी और बिजली पर मिलने वाली सब्सिडी का तोहफा बजट में दिल्ली के लोगों को फिर से दिया है। दिल्ली सरकार ने बजट में 20 हजार लीटर पानी लोगों को मुफ्त देने की घोषणा की है और 400 यूनिट तक बिजली पर 50% सब्सिडी देने का ऐलान किया है।
मनीष सिसौदिया ने बजट पेश करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार ने शिक्षकों को ट्रेनिंग के लिए विदेश भेजा। दिल्ली सरकार ने अतिथि शिक्षकों की तनख्वाह में बढ़ोत्तरी की। उन्होंने कहा कि बजट में हर तीन महीने पर समीक्षा होगी। इसके अलावा सामाजिक योजनाओं के लिए आउटकम बजट पेश किया गया। दिल्ली में पहली बार आउटकम बजट पेश किया।
उन्होंने कहा कि बजट में लोगों को फायदा पहुंचाने पर जोर दिया गया है। उन्होंने इस दौरान सरकार की कामयाबियों के बारे में भी बताया। हमारी सरकार ने 9 नए वोकेशनल कॉलेज खोले और उच्च शिक्षा के लिए लोन दिया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने अस्पतालों में सभी तरह के टेस्ट फ्री किए हैं। सिसौदिया ने कहा कि सभी विभागों को अपना लक्ष्य तय करना होगा। शिक्षा पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने 24 नए स्कूल खोलने की घोषणा की और 156 स्कूलों मे नर्सरी कक्षाएं शुरु होने की बात कही।












Click it and Unblock the Notifications