'कारोबारियों को ED और CBI के नाम पर धमका रही बीजेपी', मनीष सिसोदिया का बड़ा आरोप
नई दिल्ली, 30 जुलाई: दिल्ली की केजरीवाल सरकार की नई आबकारी नीति (Excise Policy) पर मचे घमासान के बीच आबकारी मंत्री और दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई मुद्दों पर बात की। सिसोदिया ने मीडिया से बात करते हुए गुजरात में हुई 'जहरीली शराब कांड' का जिक्र करते हुए कहा कि हम दिल्ली में गुजरात की तरह जहरीली शराब से हुई त्रासदी को नहीं चाहते। इसी के साथ उन्होंने गुजरात की शराब नीति पर भी सवाल उठाते हुए शराबबंदी पर निशाना साधा। साथ ही कहा कि दिल्ली में अब हमने नई शराब नीति को रोकने का फैसला किया है।

बीजेपी पर धमकाने का आरोप
डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने बीजेपी पर आरोप लगता हुए कहा कि बीजेपी दुकानदारों, अधिकारियों को ED और CBI से धमका रहे हैं। कारोबारियों को इतना डरा दिया है कि अब कोई शराब का टेंडर लेने को तैयार नहीं है। वे चाहते हैं कि दिल्ली में कानूनी शराब की दुकानें बंद हों और अवैध दुकानों से पैसा कमाया जाए। हमने नई शराब नीति को रोकने का फैसला किया है और सरकारी शराब की दुकानें खोलने का आदेश दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि हमने शराब दुकानों की पारदर्शी तरीके से नीलामी की। पहले दिल्ली में 850 दुकानें थी। नई पॉलिसी में हमने तय किया कि एक भी ज्यादा दुकान नहीं खोलेंगे। पहले इन दुकानों से सरकार को 6000 करोड़ की आय होती थी। पारदर्शी तरीके से नीलामी के बाद अब 9500 करोड़ की आय सरकार को हुई।
गुजरात शराब कांड पर साधा निशाना
वहीं गुजरात की शराब नीति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि गुजरात में नकली शराब से मौत का ये पहला मामला नहीं है। ये लोग कहते हैं कि हमने गुजरात में शराब बंद कर रखी है, लेकिन हर 2-3 साल में ऐसे मामले आते हैं। जब पड़ताल होती है तो पता चलता है कि इन्हीं के लोग वहां शराब बेचने और बनाने में शामिल थे।












Click it and Unblock the Notifications