दिल्ली में 50 फीट गहरे बोरवेल में गिरे शख्स की नहीं बच सकी जान, हादसे की जांच के आदेश
आज सुबह खबर आई थी कि दिल्ली के केशवपुर मंडी इलाके में एक बच्चा बोरवेल में गिर गया है। हालांकि बाद में दावा किया गया कोई बच्चा नहीं बल्कि एक व्यस्क आदमी गिर गया है। अब खबर आ रही है कि वह शख्स नहीं बच पाया है।
दिल्ली कैबिनेट मंत्री आतिशी ने इसकी सूचना दी है। लगभग 14 घंटे बाद शख्स को निकाला गया था जो मृत मिला था।मृतक की उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है। यह शख्स शनिवार रात बोरवेल में गिर गया था। ये बोरवेल 40 से 50 फीट गहरा बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि बोरवेल केशवपुर मंडी स्थित दिल्ली जल बोर्ड के प्लांट के भीतर स्थित है। बचावकर्मियों के अनुसार घटना की सूचना मिलने के बाद 5 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। मौके पर एनडीआरएफ की टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक वीर प्रताप सिंह कर रहे थे।
आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, बहुत दुख के साथ यह खबर साझा कर रही हूं कि जो पुरुष बोरवेल में गिरे थे, उन्हें रेस्क्यू टीम ने मृत पाया है। ईश्वर अपने श्री चरणों में उन्हें स्थान दें। मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष थी। वे बोरेवेल के कमरे में कैसे घुसे, बोरेवेल के अंदर कैसे गिरे, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जाएगी। मैं NDRF की टीम का धन्यवाद करती हूं, जिन्होंने कई घंटों से रेस्क्यू ऑपरेशन में हर संभव प्रयास किया।
ये शख्स शनिवार रात में लगभग एक बजे बोरवेल में गिर गया था। बोरवेल के आसपास का क्षेत्र पूरी तरह से बंद था। रात में विकासपुरी पुलिस स्टेशन में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी, जिसमें बताया गया कि केशोपुर (दिल्ली) जल बोर्ड कार्यालय में एक व्यक्ति बोरवेल में गिर गया है। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन (बचाव अभियान) चलाया गया। लगभग 14 घंटे बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन वह मृत था।
पहली बार ऐसा लग रहा है कि यहां जबरदस्ती ताला तोड़ घुसने का प्रयास किया गया था। पुलिस को इसकी जांच करने के आदेश दिए गए हैं। ऐसे मामले दोबारा सामने न आएं, इसे लेकर जल बोर्ड को सख्त आदेश दिए हैं कि दिल्ली में बंद पड़े सभी प्राइवेट-सरकारी बोरबेल को 48 घंटे के अंदर वेल्डिंग कर सील किया जाए और मुझे इसकी रिपोर्ट सौंपी जाए।












Click it and Unblock the Notifications