दो समुदाय के बीच मामूली झड़प ने लिया उग्र रुप, गोलीबारी में 4 जख्मी, 33 गिरफ्तार
राष्ट्रीय राजधानी के पूर्वी हिस्से के त्रिलोकपुरी इलाके में दो समुदायों के बीच शुरू हुई मामूली झड़प ने शनिवार को भारी उपद्रव का रूप ले लिया और इस बीच हुई गोलीबारी में चार लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने बताया कि 33 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "गोली लगने से चार लोगों के घायल होने की खबर है, लेकिन वे पुलिस की गोली से घायल नहीं हुए हैं। हम गोली चलाने वाले लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।"

अधिकारी ने बताया कि शनिवार को शाम चार बजे गोलबारी हुई। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को 23 लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि शनिवार को 10 और लोगों को गिरफ्तार किया गया। त्रिलोकपुरी के बी-ब्लॉक में गुरुवार को दिवाली पर्व मनाने के दौरान दो समुदायों के बीच मामूली झड़प हुई थी।
दो समूह में बंटे लोगों ने एकदूसरे पर पथराव किया, जिसके तत्काल बाद पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर लोगों को शांत कराया। पथराव में पुलिस के भी 13 जवान घायल हो गए। पथराव में घायल दोनों समूहों के लोगों को पूर्वी दिल्ली स्थित विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पुलिस बल के अलावा, त्वरित कार्रवाई बल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों को इलाके में तैनात कर दिया गया है। खुफिया ब्यूरो और अन्य एजेंसियां भी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications