नए साल पर दिल्ली पर डबल सितम, बारिश ने बढ़ाई ठिठुरन

सोमवार को दिल्ली की सर्दी ने नया रिकार्ड बनाया। जाफरपुर इलाके में पारा महज 0.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं दूसरी ओर यहां के औसत न्यूनतम तापमान ने भी पिछले 17 वर्षों का रिकार्ड तोड़ दिया। न्यूनतम तापमान महज 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो दिसम्बर महीने का पिछले 17 वर्षों का सबसे कम तापमान रहा।
सोमवार रात दिल्ली व एनसीआर में रात 11.30 बजे तक 6 मिमी. बारिश दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान औसत से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा। सुबह की शुरूआत हल्के कोहरे और रिकार्ड तोड़ सर्दी के साथ हुई। मौसम विभाग के अनुसार इससे पहले 1996 में 11 दिसम्बर को 2.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। उसके बाद के वर्षो में कभी भी दिसम्बर महीने का पारा इतना ज्यादा नीचे नहीं लुढ़का।
दिल्ली का जाफराबाद का न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जाफरपुर के अलावा मुंगेशपुर का भी न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस से नीचे महज 0.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
भारतीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि यद्यपि मंगलवार को रंग में कोहरे का भंग नहीं पड़ने वाला है, लेकिन शहर के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। अधिकारी ने कहा कि मंगलवार को आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। लेकिन दोपहर तक कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications