केजरीवाल की तबियत बिगड़ी, घर पहुंची डॉक्टरों की टीम

केजरीवाल के खास मित्र ने फोन पर बताया कि सुबह उन्हें डायरिया हो गया था, जिसके बाद उन्होंने आज ऑफिस नहीं जाने का फैसला किया। हालांकि इस बात की जानकारी केजरीवाल ने खुद ट्विटर पर भी दी थी। लेकिन सुबह करीब 10 बजे कमजोरी बढ़ने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी, पर अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि उन्हें कहां ले जाया जायेगा।
उनके पारिवारिक चिकित्सक विपिन मित्तल ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें डायरिया हो गया है और उन्हें आराम की सलाह दी गई है।पार्टी के वरिष्ठ नेता कुमार विश्वास ने कहा कि केजरीवाल बहुत बीमार हैं। अगर उनकी सेहत और खराब हुई तो चिकित्सक उन्हें ग्लूकोज चढ़ाएंगे। विश्वास ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री हालांकि, अधिकारियों के संपर्क में हैं।
केजरीवाल ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। वह रविवार को अस्वस्थ थे और सुबह हवन में भी शामिल नहीं हो पाए, जो उनके पिता गोविंद राम केजरीवाल ने आयोजित किया था। वह गाजियाबाद स्थित अपने आवास पर रविवार को लोगों से मिले और उनकी शिकायतें सुनी। वह आम आदमी पार्टी (आप) के चुनाव से पूर्व किए गए वादे पर महत्वपूर्ण घोषणा के लिए सोमवार को दिल्ली सचिवालय स्थित अपने कार्यालय जाने वाले थे।












Click it and Unblock the Notifications