दिल्ली में फिर से बनेगी 'आप' की सरकार, उपराज्यपाल से मिले केजरीवाल

कार्यकर्ताओं की आलोचना झेलने के बाद केजरीवाल ने भी उपराज्यपाल के पास सरकार बनाने की अर्जी पेश कर दी है। अरविन्द केजरीवाल ने मंगलवार को उपराज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात की। उनकी यह मुलाकात आप विधायकों के एक धड़े की उस मांग की पृष्ठभूमि में हुयी है जिसमें पार्टी द्वारा फिर से सरकार बनाने की संभावना तलाश करने की बात की गई है।
लगभग आधे घंटे चली इस बैठक में केजरीवाल के अलावा उनके करीबी नेता मनीष सिसौदिया भी मौजूद थे। बैठक के बाद आप नेता ने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की। सूत्रों ने बताया कि बैठक में सरकार गठन का मुद्दा भी उठाया गया। पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद पिछले हफ्ते आप के कुछ विधायकों ने पार्टी के लिए भाजपा या कांग्रेस के समर्थन से दिल्ली में फिर से सरकार बनाने का प्रस्ताव रखा था।
दरअसल लोकसभा चुनाव में अपनी स्थिति देखने के बाद आप दिल्ली में तुरंत चुनाव नहीं चाहते और उनका मानना है कि अगर जल्दी चुनाव कराए गए तो मोदी लहर से उनकी संभावनाएं प्रभावित हो सकती हैं।
गौरतलब है कि पिछले साल दिसंबर में हुए विधानसभा चुनाव में पहली बार उतरते हुए आम आदमी पार्टी को 28 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। बाद में पार्टी ने कांग्रेस के आठ विधायकों के बाहर से समर्थन के आधार पर सरकार बनायी थी। लेकिन महज 49 दिनों में ही आप ने मुख्यमंत्री से इस्तीफा दे दिया था।












Click it and Unblock the Notifications