दर्दनाक हादसाः बिहार के नालंदा में ऑटो को रौंदते हुए निकल गया ट्रक, 6 लोगों की मौत
नालंदा। बिहार राज्य के नालंदा में बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में कुल 6 लोगों की मौत हो गई है। वहीं इस सड़क दुर्घटना में दो लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है। यह हादसा नालंदा के गिरियक थाना क्षेत्र के बिहारशरीफ-रांची नेशनल हाईवे पर हुआ। दरअसल यह दुर्घटना ट्रक और ऑटो के बीच हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बिहारशरीफ-रांची नेशनल हाईवे पर एक ऑटो सवारी लेकर आ रहा था। इसी दौरान दूसरी ओर से तेज गति से आ रहा ट्रक अनियंत्रित हो गया और ऑटो को रौंदते हुए निकल गया। इस भीषण सड़क हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
वहीं घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। राजगीर के डीएसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कुछ घायल नवादा के परनावां गांव और कुछ नालंदा जिले के कतीसराय और कतरी गांव के रहने वाले थे।
बता दें कि बीते मंगलवार को बिहार के कई जिलों में अलग-अलग सड़क हादसों में 31 लोगों की मौत के खबर थी। कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर अलग-अलग जगहों पर नदियों और तालाबों में नहाने के दौरान प्रदेश में मंगलवार को 25 लोगों की डूबने से मौत हो गई।
वहीं भोजपुर के बिहिया थाना क्षेत्र के लहंग डुमरिया गांव के पास स्कार्पियो के खाई में पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई थी। राजस्थान के बीकानेर और बाड़मेर जिले में सड़क हादसे हुए थे। इन दो जिले में हुए अलग-अलग सड़क हादसे में 10 की मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications