युवक के सीने में धंसी गोली देख पुलिसकर्मी भी रह गए हैरान, दौड़ते हुए पहुंचा था थाने
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सीने में गोली धंसने के बाद युवक दौड़ते हुए तितावी थाने में पहुंचा। घायल अवस्था में युवक को देखकर पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। आनन-फानन में पुलिसकर्मियों ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पातल में भर्ती कराया है। फिलहाल युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मामला तितावी थाना क्षेत्र के हैदरनगर मार्ग का है। क्षेत्राधिकारी राम मोहन शर्मा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मोनू नाम का युवक शुक्रवार सुबह हैदरनगर मार्ग पर दौड़ लगा रहा था तभी बाइक सवार युवक ने उसे गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार दोनों युवक फरार हो गए। जिसके बाद घायल अवस्था में युवक भागता हुआ थाने पहुंचा और अपने साथ हुई घटना की सूचना पुलिस को दी।
युवक को गोली मारे जाने की सूचना से थाने में मौजूद पुलिसकर्मी चौंक गए। जिससे बाद पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घायल युवक ने पुलिस को बताया कि उसका कुछ दिनों पहले झगड़ा हुआ था. जिसके बाद जब वह सुबह दौड़ने निकला तभी अचानक पीछे से कुछ बदमाशों ने हमला बोल दिया और उसे गोली मारकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस का कहना है कि, प्रथम दृष्टया में ये मामला संदिग्ध लग रहा है। फिलहाल इलाज के लिए युवक को अस्पताल भेज दिया गया है। जांच की जा रही है जो भी दोषी पाया जाएगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications