मुजफ्फरनगर: पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी रोहित सांडू समेत दो बदमाश ढेर
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार की देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस ने कुख्यात अपराधी रोहित सांडू और राकेश यादव को मार गिराया। बता दें कि रोहित साडू पर पर एक लाख और राकेश पर 50 हजार का इनाम घोषित था। इस मुठभेड़ में एक दारोगा और एक सिपाही भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

दरअसल बीते 2 जुलाई को मुजफ्फरनगर के जानसठ कोतवाली क्षेत्र में मिर्जापुर से पेशी पर लाए बदमाश रोहित सांडू को उसके साथी पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंककर छुड़ा ले गए थे। इस घटना में एक दरोगा की गोली लगने से मौत हो गई थी। तभी से मुजफ्फरनगर पुलिस को पुलिस अभिरक्षा से फरार एक लाख के इनामी रोहित सांडू की तलाश थी और लगातार पुलिस की कई टीमें रोहित सांडू को पकड़ने में लगी थी। एसएसपी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बता कि सोमवार रात रोहित अपने साथी राकेश के साथ बाइक से जा रहा था। इस बीच नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखकर रोहित ने फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में एक दरोगा अजय कुमार और सिपाही विनीत कपासिया गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने भी घेराबंदी कर बदमाशों पर जवाबी फायरिंग की जिसमें रोहित सांडू और उसका साथी राकेश यादव पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गए। रोहित सांडू पर एक लाख का इनाम घोषित था और लगभग 40 अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा उसके दूसरे साथी राकेश यादव पर 50 हजार का इनाम था और उसके खिलाफ 10 से ज्यादा अपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ था रोहित
जानसठ कोतवाली क्षेत्र के गांव सालारपुर में एक होटल पर पुलिसकर्मी भोजन कर रहे थे, तभी कार सवार चार पांच बदमाश पहुंचे और पुलिसकर्मियों के आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया और फायरिंग शुरू कर दी थी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, लेकिन वे अपराधी रोहित को अपने साथ ले जाने में सफल हुए थे। बता दें कि मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव जोहरा निवासी रोहित रंगदारी समेत कई संगीन मामलों में करीब एक साल से मिर्जापुर जेल में बंद था। हत्या के मामले में सुनवाई होने पर मिर्जापुर सब इंस्पेक्टर विजय सिंह साथी पुलिसकर्मियों के साथ उसे वज्र वाहन से लेकर पहुंचे कोर्ट पहुंचे थे। एडीजे-11 कोर्ट में पेशी के बाद मिर्जापुर लौटते समय दोपहर दो बजे पुलिसकर्मी भोजन करने के लिए एक होटल पर रुके थे। यहीं पर बदमाशों ने धावा बोलकर रोहित को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ा लिया था।












Click it and Unblock the Notifications