मुजफ्फरनगर: स्कूल संचालक योगेश आया पुलिस की गिरफ्त में, एक अभी भी फरार
मुजफ्फरनगर: स्कूल संचालक योगेश आया पुलिस की गिरफ्त में, एक अभी भी फरार
मुजफ्फरनगर, 07 दिसंबर: 10वीं क्लास की 17 छात्राओं से छेड़छाड़ और दो छात्राओं से कथित बलात्कार की कोशिश करने वाले एक स्कूल संचालक योगेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दूसरा स्कूल संचालक अर्जुन सिंह अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि स्कूल संचाल की गिरफ्तारी के पुलिस की पांच टीमें लगाई गई है। शीघ्र ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लखनऊ से भी इस मामले की पल-पल की जानकारी ली गई।

बाल कल्याण समिति ने भी लिया संज्ञान
बाल कल्याण समिति ने भी मामले का संज्ञान लिया है और थाना पुरकाजी पुलिस से पीड़ित छात्राओं के बयान समिति के सामने कराने के लिए कहा है। तो वहीं, पुरकाजी थाने की दो टीमें, सर्विलांस, क्राइम ब्रांच और स्वाट की टीम अर्जुन सिंह की तलाश कर रही है। इसके अलावा सीओ सदर और विवेचक भी छानबीन कर रहे हैं। पूरे प्रकरण का पर्यवेक्षण एसपी सिटी कर रहे हैं। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि एक आरोपी योगेश को सोमवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया है।
बीजेपी विधायक ने किया था मामले में हस्तक्षेप
एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक प्रमोद उटवाला की तरफ से एक शिकायत पुलिस से की गई। शिकायत का संज्ञान लेते हुए इस मामले में लापरवाही बरतने वाले पुरकाजी थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह को तत्कार प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। वहीं, भोपा थाना स्थित सूर्य देव पब्लिक स्कूल के संचालक योगेश कुमार चौहान और पुरकाजी क्षेत्र में पड़ने वाले जीजीएस इंटरनेशनल स्कूल के संचालक अर्जुन सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न, नशीला पदार्थ देने और पोक्सों एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
17 नवंबर की है घटना
एसएसपी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना 17 नवंबर की है, जब योगेश सूर्य देव पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाली 17 लड़कियों को प्रायोगिक परीक्षा दिलाने के लिए जीजीएस स्कूल में लेकर गए थे और उन्हें वहां रातभर रुकना था। पीड़िताओं के परिजन की शिकायत के अनुसार, दोनों आरोपियों ने खाने में नशा मिलाकर उनके साथ छेड़छाड़ और बलात्कार की कोशिश की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने छात्राओं को धमकी भी दी कि अगर किसी को इस बारे में बताया तो उनके परिजनों की हत्या कर दी जाएगी।
आरोपियों ने दी थी धमकी
छात्राओं ने परिजनों को इसकी जानकारी दी और स्कूल जाना बंद कर दिया। परिजन के अनुसार, जब वे स्थानीय पुलिस के पास पहुंचे, तो उन्होंने कोई कदम नहीं उठाया, जिसके बाद उन्होंने विधायक से संपर्क किया। एसएसपी ने बताया कि परिजनों की शिकायत है कि आरोपियों ने लड़कियों को धमकी दी कि वे घटना के बारे में किसी को नहीं बताएं। हालांकि, इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई हैं। जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications