UP Accident: ईद की खुशियां मातम में बदलीं, सहारनपुर से लौट रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, 4 की दर्दनाक मौत
Muzaffarnagar Accident: मुजफ्फरनगर में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में मां-बेटी समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। इस भीषण टक्कर में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह दर्दनाक घटना बरला-बसेड़ा मार्ग पर तलहैड़ा चौराहे के पास हुई, जहां मेरठ के एक ही परिवार के लोग ईद मिलन के बाद सहारनपुर से लौट रहे थे। कार की टक्कर इतनी भीषण थी कि वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए।

ईद मिलन के लिए गए थे सहारनपुर
मेरठ जिले के मेडिकल थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव निवासी जुनैद अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ ईद मिलन के लिए सहारनपुर के गोपाली गांव गए थे। लौटते समय उनकी स्विफ्ट कार तेज रफ्तार में जा रही थी और अचानक आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में 39 वर्षीय खुशनुमा, उनकी 15 वर्षीय बेटी साजिदा, डेढ़ वर्षीय नाती तूबा और तीन वर्षीय मीरहा की मौके पर ही मौत हो गई।
इस हादसे में कार सवार जुनैद (42), शादाब, जाहिद और अरहान गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार
हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कोई रिफ्लेक्टर नहीं था, जिससे कार चालक को वह दिखाई नहीं दी और यह भीषण टक्कर हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार चालक की तलाश की जा रही है। वहीं, हादसे की खबर मिलते ही पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया।
सऊदी से लौटे थे जुनैद
जानकारी के अनुसार, जुनैद हाल ही में सऊदी अरब से लौटे थे। वह अपनी पत्नी और रिश्तेदारों के साथ सहारनपुर में अपने ससुराल गए थे, जहां उन्होंने ईद मनाई। हादसे के वक्त उनकी बेटी निगारिश और दामाद बिलाल बाइक से देवबंद गए हुए थे, जबकि उनके दो छोटे बच्चे नाना-नानी के साथ कार में थे।
दुर्भाग्यवश, हादसे में मासूम बच्चों की भी मौत हो गई। परिवार पर इस हादसे से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ईद की खुशी मातम में बदल गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications