मुजफ्फरनगर: रामलीला मंच पर 'ताड़का' को लगी आग, हालत गंभीर
मुजफ्फरनगर। यूपी के मुजफ्फरनगर में रामलीला के मंचन के दौरान ताड़का का किरदार निभा रहे एक कलाकार के कपड़ों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने शख्स को चपेट में ले लिया। घटना से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में लोगों ने किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक शख्स करीब 60 फीसदी तक झुलस चुका था।

ताड़का का किरदार निभा रहा था अंकित
मुजफ्फरनगर के शहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुरी मोहल्ले में रामलीला का आयोजन हो रहा है। रविवार की रात उस समय हड़कंप मच गया जब मंच पर ताड़का का किरदार निभा रहे अंकित के कपड़ों में अचानक आग लग गई। आग लगते ही मौके पर भगदड़ मच गई। भीड़ ने आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया, लेकिन तब तक आग लगने से अंकित 60 फीसदी आग में झुलस चुका था।
मुंह में मिट्टी का तेल भरकर आग पर फुआर मार रहा था अंकित
बता दें, रामलीला मंच पर ताड़का का किरदार निभा रहा अंकित अपने मुंह से मिट्टी का तेल भरकर आग पर फुआर मार रहा था। उसके हाथ में मिट्टी के तेल की बोतल भी थी, जिसकी वजह से आग तेजी से फैली। घटना का वीडियो रामलीला देख रहे लोगों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। रामलीला कमेटी ने अंकित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसकी हालत को गंभीर देखते हुए मेरठ हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications