मुंबई में बारिश के बाद कई जगह पर जलभराव, पानी में डुबी गाड़ियां, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
मुंबई में भारी बारिश के बाद जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं, अंधेरी में मेट्रो सेवा को बंद करना पड़ा।
मानसून में काफी देरी के बाद आखिरकार शनिवार को मुंबई के कई इलाकों में बारिश हुई। भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। वहीं, अंधेरी में जलभराव वाले सब वे में कई वाहन फंस गए।
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) और यातायात पुलिस ने भी यातायात सलाह जारी की है। बीएमसी और ट्रैफिक पुलिस ने निर्देश जारी करते हुए शनिवार को मुंबई में लगातार बारिश के बाद जलजमाव के कारण अंधेरी सब वे में वाहनों की आवाजाही बंद कर दी। इसके साथ ही बारिश के कारण मेट्रो भी बंद करनी पड़ी।

मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि जलभराव के कारण अंधेरी पूर्व के असल्फा साकीनाका जंक्शन पर वाहनों की आवाजाही धीमी रही। जलभराव के कारण बीडी रोड, महालक्ष्मी मंदिर पर वाहनों की आवाजाही कम रही। जलभराव की स्थिति को देखते हुए वर्ली सी लिंक गेट के पास गफर खान रोड पर भी कम वाहनों की आवाजाही रही।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 26 जून और 27 जून के लिए मुंबई के साथ साथ पालघर और ठाणे के निकटवर्ती क्षेत्रों के लिए एक येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दिन भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications