परमबीर सिंह के आरोपों को शिवसेना ने बताया भाजपा की साजिश, कहा- बहुमत पर हावी हुए तो लगेगी आग
शिवसेना ने मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त की परम बीर सिंह द्वारा लिखी गई चिट्ठी को भाजपा की साजिश करार दिया है।
मुंबई। मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह द्वारा सीएम उद्धव ठाकरे को लिखी चिट्ठी में राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख पर लगाए गए आरोपों ने महाराष्ट्र की राजनीति में तूफान ला दिया है। इस आरोपों के बाद तमाम विपक्षी दलों ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। भाजपा और महाराष्ट्र नव-निर्माण सेना गृह मंत्री के तत्काल इस्तीफे की मांग कर रही हैं।
Recommended Video

हंगामे के बीच शिवसेना ने मुखपत्र सामना में विपक्ष के आरोपों को लेकर एक संपादकीय लिखा है और इस पूरे मामले को भाजपा की साजिश करार दिया है। संपादकीय में लिखा है कि बीजेपी परम बीर सिंह को सिर पर बैठाकर नाच रही है और सरकार को बदनाम करने के लिए परम बीर सिंह का इस्तेमाल कर रही है। ये सबकुछ साजिश का हिस्सा है।
यह भी पढ़ें: अनिल देशमुख पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच आज MVA की बड़ी बैठक, महाराष्ट्र लेटर विवाद पर 10 बड़े अपडेट
संपादकीय में शिवसेना ने आगे लिखा- 'मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परम बीर सिंह भरोसे लायक अधिकारी बिल्कुल नहीं हैं। उन पर विश्वास नहीं रखा जा सकता है, कल तक भाजपा का ऐसा कहना था, लेकिन उसी परम बीर सिंह को आज बीजेपी सिर पर बैठाकर नाच रही है। पुलिस आयुक्त पद से हटते ही परम बीर सिंह ने सीए ठाकरे को एक पत्र लिखा। जिसमें उन्होंने कहा, गृहमंत्री देशमुख ने सचिन वाजे को हर महीने 100 करोड़ रुपए जुटाने का लक्ष्य दिया था। परम बीर सिंह के खिलाफ सरकार ने कार्रवाई की है इसलिए उनकी भावनाओं का विस्फोट समझ सकते हैं।'
धड़ाकेबाज अधिकारी हैं परमबीर सिंह
मुखपत्र में शिवसेना ने आगे लिखा कि परम बीर सिंह निश्चित तौर पर एक धड़ाकेबाज अधिकारी हैं। उन्होंने कई मामलों में अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन किया। फिर चाहे वो सुशांत सिंह का मामलो हो या फिर कंगना रनौत का मामला, लेकिन एंटीलिया मामले में विरोधियों ने उन पर आरोप लगाया, यह सत्य होगा फिर भी किसी पुलिस अधिकारी द्वारा ऐसा पत्र लिखकर सरकार को आरोपियों के कटघरे में खड़ा करना उचित नहीं है।'
परमबीर सिंह के आरोपों को लेकर शिवसेना ने लिखा कि परम बीर सिंह ने लिखा है कि गृहमंत्री ने सचिन वाजे को हर महीने सौ करोड़ रुपए जुटाकर देने के लिए कहा था, लेकिन कोरोना की वजह से बीते डेढ़ सालों से मुंबई-ठाणे के पब-बार बंद हैं ऐसे में इतना पैसा कहां से इकट्ठा होगा, ये सवाल ही है।
सरकार को बदनाम करना चाहती है भाजपा- शिवसेना
शिवसेना ने संपादकीय में लिखा कि भाजपा परम बीर सिंह का इस्तेमाल कर सरकार को बदनाम कर रही है इसके अलावा उसकी मंशा सरकार को मुश्किल में डालने की भी है।
साजिश के तहत किया गया सबकुछ- शिवसेना
शिवसेना ने कहा, 'देवेंद्र फडणवीस दिल्ली जाकर मोदी-शाह से मिलते हैं और उसके दो दिन बाद परम बीर ऐसा पत्र लिख देते हैं, उस पत्र के आधार पर विपक्ष ने जो हंगामाम किया है, यह एक साजिश ही नजर आती है।
शिवसेना ने कहा कि केंद्र सरकार के इशारे पर राज्यपाल भी राजभवन में बैठकर शरारत कर रहे हैं। इसके अलावा केंद्र सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राज्य सरकार पर दबाव बनाने के लिए कर रही है।
बहुमत पर हावी हुए तो लगेगी आग- शिवसेना
शिवसेना ने कहा कि महाविकास अघाड़ी के पास इस समय अच्छा खासा बहुमत है और अगर कोई बहुमत पर हावी होने की कोशिश करेगा तो आग लगेगी। यह चेतावनी नहीं है सच्चाई है। विपक्ष को यह याद रखना चाहिए कि किसी अधिकारी के कारण न तो कोई सरकार बनती है और न ही गिरती है।












Click it and Unblock the Notifications