Mumbai में 1 नवंबर से कार में ड्राइवर समेत सभी के लिए सीट बेल्ट बांधना अनिवार्य, पुलिस ने जारी किया आदेश
मुंबई में अब कार में बैठने वाले सभी यात्रियों के लिए सीट बेल्ट बांधना अनिवार्य कर दिया है। मुंबई पुलिस की ओर से जो नोटिफिकेशन जारी किया गया है उसके अनुसार 1 नवंबर से मुंबई में सभी कार यात्रियों के लिए सीट बेल्ट बांधना अनिवार्य कर दिया गया है। पुलिस की ओर से जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि सभी मोटर वेहिकल ड्राइवर और गाड़ी में बैठने वाले यात्रियों के लिए मुंबई में 1 नवंबर से सीट बेल्ट को बांधना अनिवार्य कर दिया गया है। जो भी 1 नवंबर के बाद से नियमों का उल्लंघन करता पाया जाता है उसके खिलाफ कार्रवाई होगी और मोटर वेहिकल एक्ट 2019 के अंतर्गत उसके खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा।

मुंबई पुलिस ने सभी वाहन चालकों को निर्देश दिया है कि अगर आपकी गाड़ी में सभी यात्रियों के लिए सीट बेल्ट की सुविधा नहीं है तो इसे 1 नवंबर तक सुनिश्चित कर लें। बता दें कि पिछले महीने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने ऐलान किया था कि कार में बैठने वाले सभी यात्रियों के लिए सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा था कि कार में सीट बेल्ट बांधना ड्राइवर समेत सभी यात्रियों के लिए अनिवार्य होगा दरअसल हाल ही में टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन सायरस मिस्त्री का सड़क हादसे में निधन हो गया था, जिसके बाद से कार में यात्रा कर रहे लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सायरस मिस्त्री जब कार हादसे का शिकार हुए तो वह पीछे की सीट पर बैठे थे और उन्होंने सीट बेल्ट नहीं बांध रखी थी। जिसके बाद एक्सपर्ट ने ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम और ट्रांसपोर्ट के नियमों पर सवाल खड़े किए थे और बताया था कि कैसे व्यवस्था में गड़बड़ी है। कार के भीतर ड्राइवर और अन्य यात्रियों से जुड़े नियमों पर सवाल खड़े किए गए थे। जिसके बाद केंद्रीय मंत्री ने ऐलान किया था कि कार में ड्राइवर समेत सभी यात्रियों के लिए सीट बेल्ट बांधना अनिवार्य होगा। जिसके बाद मुंबई पुलिस ने बड़ा फैसला लेते हुए 1 नवंबर से सभी यात्रियों के लिए मुंबई की सड़कों पर सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications